चंडीगढ़। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने पंजाब में 8,02,493 राशन कार्ड काटने की साजिश रची है। इससे सूबे में 32 लाख लोगों को राशन नहीं मिल पाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राशन कार्ड काटने के जो मानदंड केंद्र ने तय किए हैं, वो गलत हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र को पत्र लिखकर पंजाब सरकार राशन कार्डों की खुद से वेरिफिकेशन के लिए छह महीने का समय मांगेगी। जांच के दौरान सरकार खुद देखना चाहती है कि जिन राशन कार्डों को काटने की बात केंद्र कर रहा है, उनका वास्तव में स्टेटस क्या है।
प्रेसवार्ता के दौरान सीएम ने कहा कि पंजाब में एक करोड़ 53 लाख राशन कार्ड धारक हैं। एक करोड़ 29 लाख लाभार्थियों की वेरिफिकेशन की जा चुकी है। केंद्र सरकार हमें अपने स्तर पर वेरिफिकेशन का काम पूरा करने दे। उसके बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई करे।
विज्ञापन
सीएम ने कहा कि पंजाब में संयुक्त परिवार का कल्चर है मगर अब यह देखा जा रहा है कि राशन कार्ड जिसके नाम है यदि उसकी नौकरी लग जाए तो वह परिवार संग शहर में आकर बस जाता है। ऐसे में अब यदि उसका जीवन स्तर बढ़ गया है, तो क्या यह संभव है कि उसके भाई के परिवार का जीवन स्तर भी उच्च हो जाएगा। उसका राशन कार्ड कट गया तो उसमें शामिल उसका भाई व उनके परिवार का क्या होगा। केंद्र इस बात को नहीं समझ रहा है।
ये वोट काटने की तैयारी
मान ने कहा कि भाजपा पंजाब में विशेष शिविर के नाम पर लोगों का डाटा चोरी कर रही है। यह भी एक बड़ी साजिश है जिसके जरिये बाद में पंजाब के वोट काटे जाएंगे। हमें कई जिलों से ऐसी शिकायतें मिल रही हैं और हम कार्रवाई भी कर रहे हैं। भाजपा यह बताए इस बात की जिम्मेदारी कौन लेगा कि एकत्रित किए जा रहे डाटा का कोई दुरुपयोग नहीं होगा। भाजपा के लोग अब वोट चोरी के साथ-साथ राशन चोरी भी करने लगे हैं। पंजाब पूरे देश का पेट भरता है। पूरे देश को अधिकतर गेहूं की आपूर्ति हम करते हैं लिहाजा हमारे राशन कार्ड काटकर कोई भी पंजाबियों को भूखे मारने की सोच न रखे। मुख्यमंत्री ने हास्य कलाकार जसविंदर भल्ला को मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भल्ला जी जैसा कलाकार का चले जाना कला जगत के लिए एक बहुत बड़ा नुकसान है।