पिछले समय में सीमापार से भारत में बढ़ी आतंकी गतिविधियों के कारण बिगड़े माहौल का असर व्यापार के बाद धार्मिक संबंधों पर भी नजर आने लगा है। केंद्र सरकार ने महाराजा रणजीत सिंह की पुण्यतिथि के मौके पर सिख जत्थे को पाकिस्तान जाने की इजाजत नहीं दी है। यह जानकारी शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी (एसजीपीसी) ने शनिवार को दी।
एसजीपीसी के सचिव हरचरण सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार ने सुरक्षा कारणों से सिख जत्थे को पाकिस्तान जाने की इजाजत देने से इंकार कर दिया है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने एसजीपीसी से कहा है कि अगर कोई पाकिस्तान जाना चाहता है तो एसजीपीसी यह अंडरटेकिंग दे कि वहां जाने का इच्छुक व्यक्ति अपने रिस्क पर जाएगा। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी अब विचार करेगी कि सिख जत्थे को पाकिस्तान भेजा जाए या नहीं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्रालय जत्थे की पाकिस्तान में सुरक्षा सुनिश्चित करे क्योंकि श्रद्धालु वहां जाना चाहते हैं।
उन्होंने बताया कि 251 सदस्यीय सिख जत्थे के 21 से 29 जून तक पाकिस्तान के दौरे पर जाने का कार्यक्रम तैयार किया गया था। एसजीपीसी के यात्रा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पाकिस्तान जाने के लिए सिख जत्थे की तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। यह जत्था पाकिस्तान में महाराजा रणजीत सिंह के जन्मस्थल के अलावा अन्य ऐतिहासिक गुरुद्वारों की यात्रा भी करने वाला था। उल्लेखनीय है कि एक अन्य सिख जत्थे को केंद्र सरकार ने पिछले महीने श्री गुरु अर्जुन देव के शहीदी दिवस के मौके पर पाकिस्तान की यात्रा करने की अनुमति नहीं दी थी।