निकाली गई तिरंगा यात्रा
- फोटो : अमर उजाला
दड़वा में निकाली गई तिरंगा यात्रा
मोदी सरकार के साहसिक फैसले के स्वागत में गांव दड़वा में तिरंगा यात्रा निकाली गई। लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई। पूर्व जिला परिषद सदस्य और भाजपा नेता धर्मेंद्र सिंह सैनी ने बताया कि आज देश की संप्रभुता तथा अखंडता के प्रति बहुत बड़ी सफलता हासिल हुई है।
मोदी सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने पर भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ उठी। जीरकपुर मंडल के अलावा प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा ने लोगों को लड्डू बांटकर खुशी मनाई और ऐतिहासिक फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया।
मंडल अध्यक्ष शशांक दुग्गल के दफ्तर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाते हुए अध्यक्ष का मुंह मीठा करवाया और मार्केट में दुकानदारों को मिठाई बांटी। दुग्गल ने बताया कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने का लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। इसी तरह, पीरमुछल्ला में प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की उपप्रधान एकता नागपाल ने भी अपने दफ्तर में महिलाओं के साथ खुशी साझा की।
मिठाई बांटकर लोगों ने जताई खुशी
- फोटो : अमर उजाला
ढोल-नगाड़े की थाप पर जमकर नाचे कार्यकर्ता
जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35ए को हटाने के उपलक्ष्य में मोरनी मंडल के भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े की थाप पर जमकर थिरकते हुए अपनी खुशी का इजहार किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने मोरनी बाजार में लड्डू बांटे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक सुर में इस ऐतिहासिक कार्य के लिए भारत सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृह मंत्री अमित शाह का धन्यवाद किया। उधर लुधियाना में अनुच्छेद 370 को खत्म करने के फैसले के बाद खुशी मनाते भाजपाइयों को पुलिस ने लड्डू बांटने से रोका।
इस दौरान भाजपा नेताओं और पुलिस अधिकारियों में तकरार भी हुई। आखिरकार भाजपा नेताओं ने चौड़ा बाजार सहित अन्य बाजारों में जाकर लड्डू बांट अपनी खुशी का इजहार किया। जिला भाजपा की तरफ से मैसेज भेजा गया कि शाम 5.30 बजे भाजपा मुख्यालय में एकत्र हो। इस एतिहासिक फैसले की खुशी में लड्डू बांट कर बधाई दी जाएगी। जैसे इसकी भनक पुलिस को लगी, एडीसीपी वन गुरप्रीत सिंह सहित कई पुलिस थानों की पुलिस मौके पर तैनात कर दी गई।