बापू धाम कॉलोनी में भाजपा की महिला मोर्चा की प्रधान बनाथी श्रीनिवासन भाजपा प्रत्याशी दलीप शर्मा
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन ने कहा है कि चंडीगढ़ महिलाओं के लिए सबसे सुरक्षित शहर है। यहां लगाए गए सीसीटीवी कैमरों ने महिलाओं के साथ साथ समाज के सभी वर्गों को सुरक्षा प्रदान करने का काम किया है। श्रीनिवासन शनिवार को चंडीगढ़ पहुंचीं और कई जनसभाओं को संबोधित किया।
वनाथी श्रीनिवासन ने सेक्टर-26, वार्ड नंबर-7, 28, 25 में जनसभा को संबोधित किया। साथ ही वार्ड नंबर-21 से प्रत्याशी देवेश मोदगिल के साथ सेक्टर-47 स्थित अयप्पा मंदिर और वार्ड नंबर- 22 से पार्टी प्रत्याशी हीरा नेगी के साथ सेक्टर-31 के कार्तिक मंदिर में माथा टेका। उन्होंने महिला मोर्चा की सभी पदाधिकारियों को प्रचार टोलियां बनाकर फील्ड में उतरने और अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति से संपर्क करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का चंडीगढ़ को सीधा लाभ मिला है। चंडीगढ़ में डबल इंजन की सरकार है। केंद्र व शहर में भाजपा शासित सरकार होने से चंडीगढ़ के विकास में केंद्र की तरफ से धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। करीब एक लाख लोगों को यहां मुद्रा लोन देकर आत्मनिर्भर बनाया गया है। इस अवसर पर सह प्रभारी राज्यसभा सांसद इंदु बाला गोस्वामी, राष्ट्रीय महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज, पूर्व विधायक लतिका शर्मा समेत कई नेता मौजूद थे। बता दें कि कोयंबटूर विधानसभा क्षेत्र से श्रीनिवासन ने एक करीबी मुकाबले में दक्षिण फिल्मों के सुपरस्टार कमल हसन को हराया था।