देश के टॉप आर्किटेक्चर कालेज में शुमार सेक्टर-12 स्थित चंडीगढ़ कालेज ऑफ आर्किटेक्चर (सीसीए) में आगामी सत्र में दाखिले हो सकेंगे। काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर (सीओए) द्वारा कुछ रोज पहले पांच साल से सीसीए की इंस्पेक्शन नहीं होने पर मान्यता रद्द करने संबंधी आदेश दिए थे। सीओए ने अपनी वेबसाइट पर इस संबंध में जानकारी अपलोड भी कर दी थी।
विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने इस संबंध में एमएचआरडी के आला अधिकारियों से संपर्क किया। एमएचआरडी ने इस संबंध में सीओए को पत्र लिखकर सीसीए-12 में 2014-15 सत्र के लिए बैचलर ऑफ आर्किटेक्चर (बीआर्क) में दाखिला नहीं करने पर सवाल पूछा।
जानकारी के अनुसार एमएचआरडी ने सीओए को दाखिला संबंधी रोक पर जवाब तलब किया। मंत्रालय की ओर से 22 अप्रैल को आगामी सत्र में सीसीए-12 में दाखिला प्रक्रिया जारी रखने संबंधी पत्र अधिकारियों को भेजा गया है। एमएचआरडी ने कहा है कि आर्किटेक्ट्स एक्ट 1972 में सीओए को दाखिले पर रोक का कोई अधिकार नहीं है। इस फैसले के बाद अब जेआईई के तहत सीसीए में 40 सीटों पर दाखिले की उम्मीद हैं। इस पत्र के आने से कई अभिभावकों ने भी राहत की सांस ली है।
पीयू ने भी दाखिले का शेड्यूल तैयार किया
सीसीए-12 में दाखिले को लेकर पीयू ने भी स्थिति स्पष्ट कर दी है। पीयू की 26 अप्रैल को होने वाली सिंडीकेट बैठक में 2014-15 में जेईई के तहत शहर के छह इंजीनियरिंग इंस्टीट्यूट में दाखिले का शेड्यूल तैयार किया गया है। शेड्यूल में सेक्टर-12 स्थित सीसीए कोर्स में दाखिले के नियमों को भी शामिल किया गया है। पीयू आला अधिकारियों के अनुसार उन्होंने सीसीए को अन्य इंजीनियरिंग कालेजों की कॉमन काउंसिलिंग के लिए लिस्ट में डाला हुआ है।
सीसीए में आगामी सत्र में दाखिले को लेकर कोई दिक्कत नहीं आएगी। सीओए मामले में कालेज प्रबंधन ने पूरी जानकारी प्रशासन के आला अधिकारियों को दे दी है।
- प्रदीप भगत (प्रिंसिपल चंडीगढ़ कालेज ऑफ आर्किटेक्चर सेक्टर-12)