निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर
- फोटो : ANI
पंजाब के रोपड़ रेंज के निलंबित डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर के बैंक खातों से करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन सामने आने के बाद सीबीआई चंडीगढ़ ने उनकी वित्तीय जांच तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार एजेंसी ने एचडीएफसी, पीएनबी, आईसीआईसीआई सहित पांच बैंकों के स्टेटमेंट्स की वेरिफिकेशन शुरू कर दी है। सीबीआई को इन खातों में पिछले दो से तीन वर्षों के दौरान बड़े पैमाने पर रकम के लेनदेन के सबूत मिले हैं।
अब एजेंसी ने इन बैंकों की हेड ब्रांच से पिछले दस साल का पूरा रिकॉर्ड तलब किया है। जांच टीम भुल्लर के एसएसपी मोहाली रहने के समय से उनके वित्तीय लेनदेन का मिलान कर रही है। सूत्रों का कहना है कि भुल्लर के पास पांच से छह बैंक खाते हैं जिनमें से कुछ में लगातार भारी ट्रांजेक्शन हुए हैं। सीबीआई अब यह पता लगा रही है कि जिन खातों में भुल्लर ने पैसे ट्रांसफर किए, वे किसके नाम पर हैं और जिन खातों से भुल्लर को रकम आई, उनके मालिक कौन हैं।
आयकर रिटर्न का भी हो रहा मिलान
जांच एजेंसी ने भुल्लर की आयकर रिटर्न (आईटीआर) की जांच शुरू कर दी है। इस काम में आयकर विभाग के विशेषज्ञ अफसरों की मदद ली जा रही है। सीबीआई आय और खर्च के अंतर का आकलन कर रही है ताकि आय से अधिक संपत्ति का केस दर्ज करने से पहले मजबूत आधार तैयार किए जा सकें। यह मामला तभी दर्ज होगा जब गृह मंत्रालय की अनुमति मिलेगी।
रिमांड की तैयारी में सीबीआई
भुल्लर की 14 दिन की न्यायिक हिरासत अगले सप्ताह पूरी होने पर उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा। संभावना है कि सीबीआई इस दौरान कुछ नए तथ्य अदालत में रखकर रिमांड की मांग कर सकती है। जांच एजेंसी अब बिचौलिए कृष्णू और डीआईजी भुल्लर के बीच हुई बातचीत के साथ-साथ कृष्णू के अधिकारियों और नेताओं से संबंधों की भी पुष्टि में जुटी है।