चर्चित सिप्पी सिद्धू हत्याकांड की मुख्य आरोपी कल्याणी सिंह को सीबीआई ने क्राइम सीन की 21 तस्वीरें और संदेह के दायरे में रखी गई मारुति जेन कार की पांच रंगीन तस्वीरें सौंप दीं हैं। सीबीआई की विशेष अदालत के आदेश पर कल्याणी को ये तस्वीरें सौंपी गईं हैं। कल्याणी ने अदालत में याचिका लगाकर इनकी मांग की थी।
बता दें कि इस मामले में सीबीआई ने इसी साल 15 जून को कल्याणी को सेक्टर-42 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स से गिरफ्तार किया था। सूत्रों के अनुसार, इस हत्याकांड में सीबीआई ने सेक्टर-19 स्थित एक दुकान की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग भी शामिल की है।
वहीं, कोर्ट के आदेश के बाद इस दुकान से जो सीसीटीवी फुटेज सीबीआई ने कब्जे में लिया था, उसकी आठ तस्वीरें भी कल्याणी को सौंपी गईं है। वहीं कोर्ट के आदेश के बाद साल 2015-16 के दौरान सेक्टर-36 स्थित एमसीएम डीएवी कॉलेज फॉर वुमन के टाइम टेबल की पढ़ने योग्य फोटोकॉपी, अगस्त और सितंबर माह की हाजिरी रजिस्टर की फोटोकॉपी व कैजुअल लीव अकाउंट कॉपी भी कल्याणी को सौंपी गई है।
सिप्पी के साथ हुई ई-मेल चैट की कॉपी भी सीबीआई ने दी
कल्याणी ने कोर्ट में याचिका लगाकर अपनी और सिप्पी के बीच 25 जून 2015 से 30 जून 2015 और 1 अगस्त 2015 से 14 सितंबर 2015 तक की ईमेल चैट की क्लीयर कॉपी मांगी थी। सीबीआई ने यह भी कल्याणी को मुहैया करवा दी है।