सीबीआई ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र के जोनल मैनेजर चंडीगढ़ की शिकायत पर लुधियाना की फर्म सेल मैन्युफेक्चरिंग कंपनी लिमिटेड के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। यह मामला बैंक के साथ 113.55 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने पर दर्ज किया गया है। सूत्रों की माने तो अभी कई अन्य बैंकों के साथ भी विवाद चल रहा है। इसलिए संभावना व्यक्त की जा रही है कि मामला कई हजार करोड़ रुपये का है।
फिलहाल सीबीआई ने नई दिल्ली में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। मंगलवार सुबह सीबीआई टीम ने कंपनी के ढंडारी खुर्द स्थित मुख्य दफ्तर और सराभा नगर स्थित रिहायशी ठिकानों पर छापामारी की है। सीबीआई अधिकारी कंपनी के दस्तावेजों की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार बैंक ऑफ महाराष्ट्र के जोनल मैनेजर संतोष दुलार ने सीबीआई को दी शिकायत में बताया कि लुधियाना के ढंडारी खुर्द, जीटी रोड स्थित मैसर्ज सेल मैन्युफेक्चरिंग कंपनी लिमिटेड का दफ्तर है।
इस कंपनी को बैंक की तरफ से क्रेडिट सुविधा दी गई थी लेकिन कंपनी के डॉयरेक्टर ने क्रेडिट सुविधा का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं किया। बैंक ने कंपनी, कंपनी के अधिकारी नवनीत गुप्ता, अश्वनी कुमार, परमजीत कौर, नीरज सलूजा, धीरज सलूजा, राम सलूजा, प्रेम कुमार, विनोद कुमार गोयल, कंवलनैन सिंह कंग, रंजन मदान, अमित नारंग, जोगिंदर कुमार गुप्ता और अज्ञात पब्लिक सर्वेंट के खिलाफ यह शिकायत सीबीआई को दी। सीबीआई ने बैंक की शिकायत पर 120 बी, 403 और 420 के तहत मामला दर्ज किया है।