वहीं हरियाणा विधानसभा में मंगलवार को स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने पंजाब के स्पीकर राणा केपी सिंह द्वारा भेजे गए निमंत्रण पत्र को सदन में पढ़कर सुनाया। उन्होंने सभी विधायकों से आग्रह किया कि वे पंजाब विधानसभा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भाग लें। निमंत्रण भेजने के लिए उन्होंने पंजाब के स्पीकर का धन्यवाद दिया और लिखित रूप में भी उन्हें धन्यवाद भेजने का फैसला लिया।
दूसरे भाग के दौरान माना जा रहा है कि राज्य सरकार, मुख्यमंत्री के छह सलाहकारों को लाभ के पद के दायरे से बाहर करने के लिए विधेयक में संशोधन संबंधी प्रस्ताव और विधायकों की पेंशन बढ़ाने संबंधी प्रस्ताव के अलावा सीएसआर फंड के नियमबद्ध उपयोग के लिए बोर्ड व अथारिटी के गठन संबंधी प्रस्ताव, राज्य एससी कमीशन के चेयरमैन की उम्र सीमा 70 से बढ़ाकर 72 साल किए जाने संबंधी संशोधन विधेयक, सदन की मंजूरी के लिए पेश कर सकती है। इसके अलावा, यह भी संभावना जताई जा रही है कि राज्य सरकार श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के मुख्य आयोजन की बागडोर खुद संभालने के लिए भी सदन में प्रस्ताव ला सकती है।