पंचकूला। सड़कों पर बेसहारा घूम रहे गौवंश को पकड़कर गोशालाओं और नंदीशालाओं में पहुंचाएं। डीसी मोनिका गुप्ता वीरवार को लघु सचिवालय के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में ये दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में स्थित गोशालाओं में जितना स्थान उपलब्ध है, उसी हिसाब से गौवंश को वहां पंहुचाने के लिए नगर निगम पंचकूला व नगर परिषद कालका के अधिकारी व्यवस्था करें।
उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे भी साथ लगते राज्यों की सीमाओं पर चौकस रहकर निगरानी करें। गौवंश को पकड़कर गोशालाओं में पंहुचाने के लिए संबंधित विभागों का सहयोग करें। डीसी ने कहा कि नगर निगम पंचकूला के अधिकारी कोट नंदीशाला का रजिस्ट्रेशन कराकर वहां पर नंदी पंहुचाने की व्यवस्था कराएं ताकि बेसहारा नंदी सड़कों पर घूूमते न दिखाई दें। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर आरके सिंह, डीसीपी सृष्टि गुप्ता, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त गौरव चौहान, नगराधीश जागृति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।