जिला केंद्रीय सहकारी बैंक पलवल के शाखा प्रबंधक उजेंद्र सिंह को 25,000 रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। फरीदाबाद जिले में तैनात डीएचबीवीएन के लाइनमैन मान सिंह को 26,000 रुपये, हरियाणा रोडवेज जींद के नाजर क्लर्क भगवान को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते दबोचा है। इसके अलावा अन्य गिरफ्तारियां भी हुई हैं।
फरवरी में ही ब्यूरो ने तीन विशेष तकनीकी जांच रिपोर्ट भी सरकार को सौंपी। इनमें तीन राजपत्रित अधिकारियों व दो अराजपत्रित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की सिफारिश करते हुए 16 लाख 84 हजार रुपये से अधिक की राशि वसूलने को कहा है।
ये भी रिश्वत लेते दबोचे
कैथल में थाना चीका के पद पर तैनात इंस्पेक्टर जयवीर, एएलएम डीएचबीवीएन पलवल हरिओम को पांच-पांच हजार रुपये लेते गिरफ्तार किया गया। सेंट्रल फरीदाबाद में तैनात सब इंस्पेक्टर जय चंद को 10 हजार रुपये और गुरुग्राम नगर निगम के सर्वेयर अंशु पराशर को 2000 रुपये की रिश्वत लेते सतर्कता ब्यूरो की टीम ने दबोचा था।
सिफारिश के बाद अगली प्रक्रिया
11 अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मामला तभी दर्ज होगा, जब सरकार मंजूरी देगी। सरकारी सेवा नियमों के अनुसार मुख्य सचिव कार्यालय इस पर अंतिम निर्णय लेगा। जिन विभागों के अधिकारी रिश्वत लेते दबोचे गए हैं, उन विभागों के प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों से भी टिप्पणी मांगी जाएगी। उसके बाद अंतिम निर्णय लेकर आपराधिक मामला दर्ज कराने या न करने पर फैसला होगा।