चंडीगढ़। सेक्टर-34 स्थित इमिग्रेशन दफ्तर में घुसकर कंपनी की मालकिन और उसके पति पर मारपीट, बालियां छीनने और पिस्टल तानने का मामला सामने आया है। इमिग्रेशन कंपनी के दफ्तर से जान बचाकर मदद के लिए भागी गगनदीप शर्मा के पुलिस बीट बॉक्स में पहुंचने पर एक आरोपी ने पिस्टल तान दी। इसी बीच पुलिस को देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते फरार हो गए। सेक्टर 34 थाना पुलिस ने कंपनी की मालकिन गगनदीप शर्मा की शिकायत पर लवप्रीत मान, जोत और अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गगनदीप शर्मा के पति जसवीर ने बताया कि मारपीट करने वालों में कुछ बाउंसर भी शामिल थे, जो ग्रेट फ्लायर ओवरसीज इमिग्रेशन ऑफिस में काम करते हैं।
खरड़ निवासी गगनदीप शर्मा ने बताया कि सेक्टर 34 में प्राइम जर्नी इमिग्रेशन नाम से उनका इमिग्रेशन दफ्तर है। इमिग्रेशन कंपनी को वह अपने पति जसवीर सिंह के साथ चलाती हैं।शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपने पति के साथ अपने ऑफिस पहुंची तो वहां ग्रेट फ्लायर ओवरसीज इमिग्रेशन ऑफिस का स्टाफ उनके स्टाफ के साथ बहस कर रहा था। वह अपने पति के साथ ऑफिस के केबिन में चली गईं। इसी बीच 7 से 8 लड़के केबिन में घुस आए। लवप्रीत ने उन लड़कों के साथ मिलकर उनके पति जसवीर सिंह के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। जसबीर की जैकेट पकड़कर पीटते हुए खींचकर ऑफिस से बाहर ले गए। उन्होंने अपने पति को बचाने की कोशिश की तो एक आरोपी ने उनकी छाती पर लातें मारीं और धक्का मारकर धकेल दिया। आरोपियों ने जसबीर के सोने की कान की बालियां छीन ली।
गगनदीप मदद के लिए जान बचाकर भागकर बीट बॉक्स पहुंची। बीट बॉक्स से वापस जब वह आई तो लवप्रीत और जोत अन्य आरोपियों के साथ ऑफिस की पार्किंग में खड़े थे। उन्होंने गगनदीप का रास्ता रोक लिया और छाती पर वार कर मुंह पर थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद आरोपी लवप्रीत ने अपनी जैकेट से पिस्टल निकाली और गगनदीप पर तान दी। इस दौरान बीट बॉक्स के एक सिपाही को आरोपी ने आते देख लिया जिसके बाद लवप्रीत उसे जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलके के बाद सेक्टर 34 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गगनदीप ने बताया कि यह सारा मामला एक स्टाफ के सिम चोरी करने से विवाद से जुड़ा है।