थाना जीरा सिटी पुलिस ने बीडीपीओ दफ्तर में जबरन घुसकर कर्मचारियों के कमरों में कब्जा कर सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ करने के आरोप में हलका जीरा से पूर्व कांग्रेस विधायक व जिला कांग्रेसी कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह जीरा समेत 80 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने अभी किसी भी प्रदर्शनकारी की गिरफ्तारी नहीं की है।
ब्लाक विकास एवं पंचायत अफसर जीरा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि पूर्व कांग्रेस विधायक कुलबीर सिंह जीरा ने अपने 80 समर्थकों संग दफ्तर के बाहर धरना दिया है। कुलबीर अपने समर्थकों संग जबरन दफ्तर में घुसे और कर्मचारियों के कमरों में कब्जा कर लिया। वहां पर सरकारी रिकॉर्ड व फाइलें पड़ी थी।
आशंका है कि प्रदर्शनकारियों ने सरकारी दस्तावेजों संग छेड़छाड़ की है। यही नहीं इन्होंने सरकारी कामकाज में बाधा डाला। थाना सिटी पुलिस ने बीडीपीओ जीरा की शिकायत पर हलका जीरा के पूर्व कांग्रेस विधायक व जिला कांग्रेसी कमेटी के प्रधान कुलबीर सिंह जीरा समेत 80 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अभी तक किसी भी प्रदर्शनकारी की गिरफ्तारी नहीं की है।
उधर, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह जीरा ने कहा कि सिर्फ सरपंचों को इंसाफ दिलवाने के लिए उन्होंने बीडीपीओ दफ्तर के बाहर धरना दिया था। वह पंजाब की मान सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि 17 अक्तूबर को धन-धन बाबा बुड्ढा साहिब के दर्शन करने के बाद फिरोजपुर में पत्रकारों के समक्ष आप सरकार के विधायक व अन्य कार्यकर्ताओं के अलावा अधिकारियों की पोल खोलकर गिरफ्तारी दूंगा।