लुधियाना के एक मंदिर में शिव परिवार की मूर्तियों पर हथियार मारकर मूर्तियों को खंडित करने का मामला सामने आया है। बेअदबी करने वाले ने मंदिर में स्थापित पवित्र शिवलिंग पर भी सबल मारकर उसे खंडित किया है। मामला साहनेवाल के गांव पवा का है।
घटना का पता उस समय चला जब मंदिर के पुजारी सुबह मंदिर आए। उन्होंने अंदर मंदिर का हाल देख इसकी जानकारी मंदिर कमेटी को दी। इसके बाद जानकारी पुलिस को दी गई। मंदिर में ऐसी बेअदबी की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारी और थाना साहनेवाल की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही हिंदू संगठन वहां पहुंच गए और प्रदर्शन किया। थाना साहनेवाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने का मामला दर्ज किया है।
साहनेवाल के गांव पवां में मेन रोड पर ही एक शेड में मंदिर का निर्माण किया हुआ है। रोजाना की तरह मंदिर के पुजारी पंडित भरत किशोर पांडे मंदिर बंद कर घर चले गए। पीछे से अज्ञात व्यक्ति मंदिर में घुस गए और उन्होंने मंदिर में तोड़-फोड़ की और मंदिर के अंदर करीब 13 मूर्तियां पूरी तरह से खंडित कर दी। शिव परिवार की सभी मूर्तियों पर हथियार से वारकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
शिव सेना नेता भानू प्रताप ने कहा कि यदि जल्द हमलावर न पकड़े गए तो शिव सेना पंजाब बड़ा संघर्ष करेगी। हिंदू नेता अमित कौंडल ने कहा कि आए दिन पंजाब में मंदिर टूट रहे हैं। कार्रवाई के नाम पर पुलिस प्रशासन सिर्फ खानापूर्ति करता है। थाना साहनेवाल के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरबिंदर पाल सिंह सेखों ने बताया कि आस-पास के सीसीटीवी कैमरे चेक किए जा रहे हैं। अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।