पंजाबी यूनिवर्सिटी के परीक्षा रजिस्ट्रेशन फार्म पर स्टूडेंट के बजाय कुत्ते की फोटो लगाने का मामला सामने आया है। मामला सामने आने के बाद वीसी ने इसका गंभीर नोटिस लिया है और उन्होंने विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक वीसी डॉ. बीएस घुम्मन ने अधिकारियों के साथ मीटिंग की है। इस दौरान उन्होंने डीन अकादमिक गुरदीप सिंह बत्तरा को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। इस पर डीन अकादमिक की ओर से संबंधित विभाग के अधिकारियों से पड़ताल की जा रही है।
एक विद्यार्थी ने पंजाबी यूनिवर्सिटी में प्राइवेट दाखिले के लिए फार्म भरा था। कई दिनों बाद जब यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर उसने ऑनलाइन अपना परीक्षा रजिस्ट्रेशन फार्म देखा तो वहां उसकी फोटो की जगह पर कुत्ते की तस्वीर लगी हुई थी। इसके साथ ही फार्म के आखिरी पन्ने पर हस्ताक्षर वाली जगह पर भी कुत्ते की ही तस्वीर छापी हुई थी।
पीयू के परीक्षा शाखा के पूर्व कंट्रोलर व अर्थशास्त्र विभाग के मौजूदा हेड डॉ. बलविंदर टिवाना ने बताया कि अगर परीक्षा रजिस्ट्रेशन फार्म पर कुत्ते की फोटो लगी हुई है, तो वह साइबर कैफे की गलती हो सकती है, जहां से स्टूडेंट ने फार्म भरवाया था। अकसर साइबर कैफे वाले इस तरह की गलती कर देते हैं या फिर स्टूडेंट ने अपनी आईडी किसी अन्य स्टूडेंट के साथ शेयर की होगी।