चंडीगढ़। सेक्टर-9 स्थित कार्मल कॉन्वेंट स्कूल सोमवार से खोल दिया गया है। स्कूल परिसर में बीते आठ जुलाई को 250 साल पुराना हेरिटेज पेड़ गिरने के बाद स्कूल को ऑफलाइन कक्षाओं के लिए बंद कर दिया गया था। इस हादसे में 10वीं की छात्रा हीराक्षी की मौत हो गई थी, जबकि 17 छात्राएं घायल हो गई थीं। वहीं स्कूल अटेंडेंट शीला का इलाज चल रहा है।
हादसे के बाद स्कूल खुलने के पहले दिन छात्राएं थोड़ी उदास और सदमे में थीं। हालांकि सोमवार से छात्राओं को कक्षा में बैठकर खाना खाने की अनुमति दे दी गई है।
एक छात्रा ने बताया कि सोमवार को अधिकतर छात्राओं ने कक्षाओं में ही लंच किया। हादसे के बाद अभिभावकों ने विरोध जताया था कि गर्मी और खराब मौसम के बीच स्कूल परिसर में बाहर बैठकर खाना खाने के लिए कहा जाता है। हादसे के दिन भी छात्राएं पेड़ के नीचे बैठकर लंच ही कर रही थीं कि इसी बीच पेड़ गिर गया।