नोटबंदी पर मोदी सरकार के ताजा फरमान पर रोक लगाए जाने की मांग सुप्रीम कोर्ट से की गई है। इसे लोगों से धोखाधड़ी बताया गया है। मांग पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने की। उन्होंने कहा कि सरकार का यह यू-टर्न लोगों के साथ धोखाधड़ी और उनका भरोसा तोड़ने के समान है।
कैप्टन ने एक बार फिर से सुप्रीम कोर्ट से नोटबंदी के मुद्दे पर उनकी अपील को जनहित याचिका के तौर पर लेने और इस अनियोजित कदम से पैदा हुई परेशानियों से लोगों को बचाने को दखल देने की मांग की है। जोकि धोखाधड़ी के साथ पहले ही कई जिंदगियां बर्बाद कर चुका है।
उन्होंने कहा कि नियमों को बदलना लोगों की जिंदगियां बर्बाद कर रहा है। जो पहले से करंसी पर रोक के चलते कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। कैप्टन ने पुराने नोट जमा करने के संदर्भ में आरबीआई द्वारा लिए ताजा यू-टर्न पर कहा कि मोदी व उनकी टीम नियमों का पालन न करके देश को वित्तीय अराजकता की तरफ धकेल रही है।
दो माह पहले युद्ध का माहौल बनाने से लेकर नोटबंदी के कदम तक, मोदी सरकार अपने सियासी हितों को आगे बढ़ाने के लिए, इंडस्ट्री व पार्टी में अपने मित्रों की रक्षा को देश में तनाव पैदा कर रही है।