संगरूर से कांग्रेस उम्मीदवार विजय इंदर सिंगला को आखिर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ऑक्सीजन दी है। यहां से कांग्रेस के पूर्व विधायक सुरजीत धीमान ने आजाद चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया था।
पर कैप्टन ने धीमान को मना कर बिठा दिया। इसके बाद सिंगला ने राहत की सांस ली है, लेकिन तीन और विधायक को मनाने का जिम्मा कैप्टन पर ही है।
धीमान दो बार इस हलके की दिड़बा विधानसभा सीट से विधायक रह चुके हैं। पिछली बार वह अमरगढ़ से चुनाव हार गए थे। प्रताप सिंह बाजवा द्वारा रूप कौर को संगरूर का जिला प्रधान बनाने से धीमान नाराज हो गए थे।
उनका आरोप था कि रूप कौर ने ही चुनाव में उन्हें हरवाया, अब उन्हें पद से नवाजा गया। फिर धीमान ने संगरूर से आजाद लड़ने का ऐलान कर दिया था।
पार्टी की मदद करेंगे धीमान
धीमान ने बताया कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने उन्हें पटियाला बुला कर समझाया। कैप्टन के आदेश पर वह चुनाव नहीं लड़ रहे हैं और अब पार्टी की मदद करेंगे। अमरगढ़, फतेहगढ़ साहिब हलके में है, वह यहां से पार्टी उम्मीदवार साधू सिंह धरमसोत की पूरी मदद करेंगे।
धीमान के मानने से विजय इंदर सिंगला को बड़ी राहत मिली है। गौरतलब है कि कैप्टन ने ही सिंगला को यूथ कांग्रेस प्रधान बनवाया था। उसके बाद पेडा चेयरमैन का पद भी सौंपा था। बाद में सिंगला राहुल ब्रिगेड में शामिल हो गए। अब सिंगला के मुश्किल वक्त में एक बार फिर कैप्टन ही मददगार बने।
कैप्टन गुट के तीन विधायक बने मुश्किल
सुरजीत धीमान बेशक मान गए हैं, पर कैप्टन गुट के तीन और विधायक अभी भी विजय इंदर सिंगला के लिए मुश्किल बने हुए हैं। इनमें अरविंद खन्ना, हरचंद कौर व मोहम्मद सदीक शामिल हैं।
पहले इनके अकाली दल में जाने की चर्चाएं थीं। अब कैप्टन के अमृतसर से लड़ने के बाद उम्मीद की जा रही है कि ये अमृतसर में ही कैंप करेंगे। उस सूरत में सिंगला के लिए तीनों हलकों में मुश्किल हो सकती है।
भट्ठल करेंगी पूरी मदद
कैप्टन अमरिंदर के बाद अब रजिंदर कौर भट्ठल भी जल्द विजय इंदर सिंगला की मदद को आएंगी। भट्ठल को भी संगरूर से लड़ाने की तैयारी हो चुकी थी।
पर भट्ठल ने हाईकमान को आश्वासन दिया है कि वह संगरूर और पटियाला हलके में पूरी मदद करके दोनों सीटें जिताएंगी। संगरूर में उनके हलके गिदड़बाहा के अलावा भी उनका प्रभाव है। जल्द ही भट्ठल के सिंगला की चुनावी मुहिम में शामिल होने की उम्मीद है।