कांग्रेस विधायकों के धरने में पहुंचे कैप्टन अमरिंदर सिंह
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस ने एसवाईएल के मुद्दे पर बड़े आंदोलन की तैयारी कर ली है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सरकार को चेतावनी देते हुए कई बड़े ऐलान किए गए हैं। शनिवार को सभी 117 विधानसभा हलकों में सीएम प्रकाश सिंह बादल के पुतले फूंके जाएंगे।
पार्टी रविवार को एसवाईएल के अंतिम हिस्से पर अबोहर में पार्टी बड़ी रैली करेगी, जिसमें सभी सांसद और विधायक शामिल होंगे। पार्टी के सभी विधायकों ने शुक्रवार सुबह अपना इस्तीफा दे दिया।
प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई में विधायक केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस्तीफे देने गए। वे काफी देर कर स्पीकर के कमरे में बैठे रहे। जब वह नहीं आए तो विधानसभा सचिव को इस्तीफे सौंप दिए गए। आजाद विधायक रजनीश बब्बी ने भी इस्तीफा सौंपा।
एसवाईएल के अंतिम हिस्से में की जाएगी रैली
कैप्टन अमरिंदर सिंह चंडीगढ़ में पूर्व फौजियों के मार्च में हुए शामिल
- फोटो : अमर उजाला
इससे पहले कांग्रेस विधायक दल की मीटिंग हुई, जिसमें शनिवार को सभी विधानसभा हलकों में सीएम के पुतले फूंकने का फैसला किया गया। साथ ही रविवार को एसवाईएल के अंतिम हिस्से पर अबोहर में रैली करने का फैसला किया गया। रैली की तैयारियों की कमान सुनील जाखड़ को सौंपी गई है, इसमें सभी सांसद व विधायक शामिल होंगे।
यह भी फैसला लिया गया कि प्रदेश कांग्रेस राष्ट्रपति से मिल कर उन्हें अदालत के फैसले के चलते पंजाब के लोगों को पेश आने वाली समस्याओं के बारे में बताएगी। पार्टी ने पानी का अनुमान लगाने को ट्रिब्यूनल स्थापित करने की मांग की। साथ ही दोहराया कि राइपेरियन सिद्धांतों के तहत हरियाणा का सतलुज के पानी पर कोई अधिकार नहीं है।
कांग्रेस ने कहा कि बादल सरकार पंजाब के पानी को बचाने में पूरी तरह नाकाम रही है। बादल अपने हलके व गांव को भी भूल गए हैं, जो पानी के संकट के बाद सूख जाएंगे। इस मौके पर सांसद प्रताप बाजवा व शमशेर दूलो, अंबिका सोनी, सुनील जाखड़, परनीत कौर, चरनजीत सिंह चन्नी समेत कई विधायक मौजूद थे।