पंजाब कांग्रेस के दो दिग्गजों की जंग का मैदान अब दिल्ली बनेगा। लोक सभा में कांग्रेस के उपनेता कैप्टन अमरिंदर सिंह और पंजाब प्रदेश प्रधान प्रताप बाजवा 19 को दिल्ली में होने वाली किसान रैली में अपना-अपना शक्ति प्रदर्शन करेंगे। दोनों दिग्गजों के बीच लंबे समय से खींचतान चली आ रही है। दोनों ही कभी खुल कर, तो कभी दबी जुबान में एक-दूसरे पर हमले बोलते रहे हैं।
धूरी उपचुनाव में हार के बाद जंग चरम पर पहुंच गई है। इसी माहौल में हो रही किसान रैली के दौरान दोनों नेता अपनी ताकत दिखाएंगे। कैप्टन के शक्ति प्रदर्शन की कमान उनके गुट के 35 मौजूदा विधायकों और बड़ी संख्या में पूर्व विधायकों ने संभाल रखी है।
इसके अलावा जाट महासभा भी उनके साथ है, जिसके वह राष्ट्रीय प्रधान हैं। सीएलपी लीडर सुनील जाखड़ समेत ज्यादातर मौजूदा विधायक कैप्टन के साथ हैं, इसलिए यह गुट बीस हजार से ज्यादा लोग जुटाने का लक्ष्य लेकर चल रहा है।
बाजवा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बनी रैली
उधर, बाजवा के लिए भी यह प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है। उन्होंने सबसे ज्यादा भीड़ गुरदासपुर हलके से जुटाने की तैयारी की है। इसके अलावा बाजवा ने सभी हलका ऑब्जर्वरों को जिम्मेदारी सौंपी है, जो विधायक और पूर्व विधायक कैप्टन केसाथ नहीं हैं, बाजवा गुट उन पर फोकस करेगा।
जिन हलकों में विधायक कैप्टन के साथ हैं, वहां टिकट के दूसरे दावेदारों को साथ लिया जा रहा है ताकि टिकट के लालच में वे भीड़ जुटाएं। ऑब्जर्वर एक दिन पहले हलके में जाकर सारे इंतजाम देखेंगे और बाजवा को रिपोर्ट करेंगे। फिर पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर बसों की चेकिंग की जाएगी, ताकि यह पता चल सके कि कौन कितने लोगों को लेकर आया है।
केसरिया पगड़ी में दिखेगा कैप्टन गुट
कैप्टन गुट ने दिल्ली की किसान रैली में अलग ढंग से ताकत दिखाने की योजना बनाई है। कैप्टन गुट केलोग केसरिया पगड़ी पहन कर रैली में जाएंगे। ताकि अलग नजर आ सकें कि इस गुट ने कितनी भीड़ जुटाई है। बाजवा गुट ने ऐसा कोई फैसला नहीं किया है। उधर, हरियाणा कांग्रेस में भी भूपेंद्र हुड्डा गुट गुलाबी पगड़ी और तंवर गुट टोपियां पहन कर जाएगा।
बाजवा टीम राहुल में, कैप्टन को सोनिया का आशीर्वाद
प्रदेश कांग्रेस में चल रही जंग जहां चुनावों में पार्टी को नुकसान पहुंचाती रही है। वहीं, अब रैली में पार्टी के लिए फायदेमंद साबित होगी। सत्ता के दो केंद्र होने के कारण दोनों शक्ति प्रदर्शन करेंगे। जिसके चलते रैली में ज्यादा भीड़ जुट जाएगी। गौरतलब है कि बाजवा टीम-राहुल के मेंबर हैं। राहुल के लौटने के बाद इस गुट के हौसले बुलंद हुए हैं। उधर, कैप्टन को पार्टी प्रधान सोनिया गांधी का आशीर्वाद प्राप्त है।