मुख्यमंत्री ने कहा कि महज एक महीने में करीब 43000 लोग पंजाब आए हैं। दुबई और अन्य स्थानों से लोगों के अमृतसर पहुंचने के अलावा ट्रेनों से भी इस ऐतिहासिक शहर तक लोग पहुंच रहे हैं। वहीं अमृतसर, जालंधर और लुधियाना में कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। पठानकोट, पटियाला और गुरदासपुर जैसे बाकी जिलों में कोरोना का फैलाव रोकने के लिए बंदिशें जरूरी हैं।
कैप्टन ने यह भी कहा कि टेस्टिंग बढ़ने के कारण और केस भी दर्ज किए जा रहे हैं। राज्य सरकार टेस्टों की गिनती बढ़ाकर एक दिन में 20 हजार करने के लिए आधुनिक मशीनें खरीद रही है। अब तक राज्य में 165000 टेस्ट किए जा चुके हैं। जल्दी ही पठानकोट और गुरदासपुर में टेस्ट सुविधा शुरू की जा रही है, ताकि इन शहरों के लोगों को टेस्ट कराने के लिए अमृतसर न जाना पड़े।
राज्य में फिल्मों की शूटिंग की है इजाजत
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में फिल्मों की शूटिंग की इजाजत है और इस बारे में डिप्टी कमिश्नरों को हिदायतें जारी की जा चुकी हैं। एक सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि सभी डिप्टी कमिश्नरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे मांस की दुकानों की जांच नियमित रूप से करें।
डीसी को बुजुर्ग महिला की मदद करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर को बुजुर्ग महिला की मदद करने के निर्देश दिए, जो अपने बेटे की मौत के बाद 11 साल के पोते के साथ किराए के मकान में रह रही है। उन्होंने कहा कि उस महिला का अगले साल तक सारे किराए का भुगतान किया जाए और टीबी के इलाज का पूरा खर्च उठाया जाए।
सीनियर सिटीजन को होम डिलीवरी सुविधा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीनियर सिटीजन के लिए हफ्ते के आखिरी दिन और सरकारी छुट्टी के समय लॉकडाउन में होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध होगी, जिस बारे में डिप्टी कमिश्नरों को हिदायतें जारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक गतिविधियों पर कई रोक नहीं है जबकि विवाह, संस्कार-भोग कार्यक्रमों के लिए केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार सीमित गिनती में लोगों की मौजूदगी की आज्ञा होगी।