आयोग को शक है कि कुछ अभ्यर्थी जानबूझकर साफ और सही आकार का फोटो अपलोड नहीं कर रहे हैं, ताकि उनकी सही पहचान नहीं हो सके। फर्जी अभ्यर्थियों के सीईटी में शामिल होने की आशंका है। एक अभ्यर्थी दो-दो पंजीकरण कराए हुए हैं। नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि में मामूली अंतर करके पंजीकरण कराते हैं, ताकि दूसरों से परीक्षा दिला सकें। इन सभी संदिग्ध की सूची तैयार की जा रही है। खुफिया विभाग इनकी जानकारी जुटाने में जुट गया है। संदिग्ध कोचिंग सेंटर, पहले पेपर लीक में पकड़े गए आरोपी पर निगरानी रखी जा रही है। वहीं, पेपर लीक को रोकने के लिए साइबर सेल 24 घंटे अलर्ट है।
जिले की जानकारी का लिंक जारी
मंगलवार को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने वेबसाइट पर लिंक जारी कर दिया है। अभ्यर्थी इस पर लिंक पर जाकर अपनी जन्म तिथि और पंजीकरण नंबर डालकर परीक्षा वाले जिले की जानकारी ले सकते हैं। यह अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए किया गया है, ताकि पहले से ही वह संबंधित जिले में जाने को लेकर अपनी तैयारी कर सके। हालांकि, इस बार आयोग ने 150 किलोमीटर के दायरे में ही पीरक्षा केंद्र बनाने का दावा किया है।
बैठकों का दौर जारी, लगातार हो रही समीक्षा
5 और 6 नवंबर को सुबह और शाम दो चरणों में होने वाली परीक्षा के लिए आयोग ने पूरी तैयारी कर ली है। मंगलवार को इस संबंध में आयोग और एनटीए के अधिकारियों ने बैठक की। बैठक में परीक्षा केंद्रों, पुलिस बल और नकल रोकने के संबंध में समीक्षा की गई। खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल परीक्षा को लेकर फीडबैक ले रहे हैं। अभ्यर्थियों की समस्याओं के लिए आयोग ने किसी भी जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 18005728997 जारी किया है। यह परीक्षा ग्रुप सी के 32 हजार पदों को लेकर हो रही है।
निगेटिव मार्किंग नहीं, गोला खाली छोड़ने पर कटेंगे नंबर
इस परीक्षा में कोई निगेटिव मार्किंग नहीं है। अगर किसी उम्मीदवार ने कोई भी गोला नहीं भरा तो उसके सभी खाली गोलों के हिसाब से प्रत्येक प्रश्न के 0.95 अंक काट लिए जाएंगे। अगर कोई उम्मीदवार प्रथम 4 विकल्पों में से किसी को भी अपना उत्तर नहीं बनाता है तो वह पांचवां विकल्प अवश्य भरना होगा।
परीक्षा से वंचित नहीं होगा कोई सही अभ्यर्थी
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने यह भी फैसला लिया है कि कोई भी सही अभ्यर्थी परीक्षा से वंचित नहीं रहेगा। अगर उसका फोटो अपलोड नहीं हो पाया है, या फिर उसके फार्म में कोई तकनीकी दिक्कत के कारण नाम और जन्म तिथि में कोई करेक्शन है। इन अभ्यर्थियों की आयोग मैनुवली जांच करेगा और इसके बाद उनको परीक्षा में जाने दिया जाएगा।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी ने कहा कि परीक्षा में न तो कोई फर्जी अभ्यर्थी प्रवेश कर पाएगा और न ही कोई मुन्नाभाई नकल कर पाएगा। आयोग को आशंका है कि कुछ लोग फर्जी पंजीकरण से एंट्री की कोशिश कर सकते हैं, इनको रोकने के लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं। पेपर लीक और पेपर आउट किसी भी स्थिति नहीं हो इसके लिए सरकार ने फुल प्रूफ प्लान तैयार किया है।
फोटो अपलोड करने में आ रही परेशानी
संयुक्त पात्रता परीक्षा 2022 के लिए 11 हजार अभ्यर्थियों को फोटो अपलोड करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक साथ हजारों की संख्या में वेबसाइट खोले जाने के चलते सर्वर डाउन चल रहा है। इससे काफी देर बाद भी फोटो अपलोड नहीं हो रहे हैं। परीक्षा के लिए कुल 11.34 लाख युवाओं ने पंजीकरण करा रखा है।
सोमवार को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने उन 11 हजार युवाओं के पंजीकरण नंबर जारी कर बताया था जिनके फोटो सही आकार या साफ नहीं हैं। उन्हें मंगलवार शाम 5 बजे तक फोटो दोबारा से अपलोड करने के लिए समय दिया गया था। मंगलवार सुबह से ही युवक फोटो अपलोड करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सर्वर डाउन होने के चलते फोटो अपलोड नहीं हो रहे हैं।