दाखिले करते समय स्कूलों की मनमानी पर लगाम कसने की तैयारी। शिक्षा विभाग की ओर से इसके लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। प्राइवेट स्कूल पिकनिक, फेस्ट, किताबों और ड्रेस के नाम पर अभिभावकों से लूटखसोट न करें, इसके लिए विशेष मॉनीटरिंग होगी। विभाग इसके लिए निरीक्षण टीम भी बनाने की योजना बना रहा है।
इसके अलावा पूरी दाखिला प्रक्रिया पारदर्शी रहे और सभी को बराबर अवसर मिल सके यह भी ध्यान दिया जाएगा। चंडीगढ़ पेरेंट्स एसोसिएशन इन सभी मामलों के लिए लगातार आवाज उठाता रहा है। एसोसिएशन के प्रेसिडेंट नितिन गोयल इस तरह के मामलों की शिकायत प्रशासक वीपी सिंह बदनौर तक को कर चुके हैं। हालांकि महंगी फीस और किताबों के लिए उचित मापदंड तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है।
इसके लिए अलग से फीस पॉलिसी भी बनाई जा रही है। लेकिन अभी तक पॉलिसी पर अंतिम मुहर नहीं लग पाई है। नितिन गोयल ने बताया कि दाखिला प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही वह अपना अभियान शुरू कर देंगे। सभी प्राइवेट स्कूलों में पेरेंट्स एसोसिएशन बनवाएंगे ताकि उनकी बात को भी सुना जाए।
फीस बढ़ोतरी और अन्य मदों में लिए जाने वाले खर्च के लिए पेरेंट्स एसोसिएशन की सलाह ली जाए। सभी स्कूल ईडब्ल्यूएस सीटों को इसी वर्ग से भरें इसका ध्यान रखा जाएगा। किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर एसोसिएशन तुरंत अधिकारियों को सूचित करेगी।