पंजाब यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (पुटा) के चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, पीयू में प्रचार भी तेजी से बढ़ रहा है। प्रत्याशी अपने वोटरों को लुभाने के लिए तमाम हथकंडे अपना रहे हैं। इसी कड़ी में प्रो टीचर्स ग्रुप की अध्यक्ष पद की दावेदार डॉ. जयंती दत्ता शुक्रवार को पुटा से अलग हुए डेंटल इंस्टीट्यूट के टीचर्स को मनाने के लिए पूरी टीम के साथ डेंटल कॉलेज पहुंचीं। उन्होंने डेंटल शिक्षकों की समस्याएं सुनीं और उनकी हर समस्या को हल करने का आश्वासन दिया। साथ ही शिक्षकों से पुटा में शामिल होने का आह्वान किया।
डॉ. दत्ता ने इस दौरान कहा, ‘उन्हें चुनाव जीतने से ज्यादा फिक्र पुटा से अलग हुए डेंटल कॉलेज के 50 टीचरों की है। इन टीचरों के अलग होने से पुटा को बड़ा नुकसान हुआ। शिक्षकों की एकता भी कम हुई है।’ ऐसा पहली बार हुआ है कि पुटा चुनावों में डेंटल इंस्टीट्यूट के टीचर्स हिस्सा नहीं ले रहे हैं। इससे पुटा की ताकत कम हुई है, इसको देखते हुए ‘वी मिस डेंटल फैकल्टी इन पुटा 2019-20’ के पोस्टर-बैनर लेकर डॉ. जयंती दत्ता व उनकी टीम डेंचल कॉलेज पहुंची और मनाने की कोशिश की।
उन्होंने डेंटल के टीचर्स को आश्वासन दिलाया कि चुनाव जीतने के बाद वह डेंटल फैकल्टी की सालों से लंबित पड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाएंगे। मालूम हो कि अमर उजाला ने डेंटल शिक्षकों की प्रोमोशन पालिसी का मामला प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद तमाम शिक्षकों ने इस मामले को गंभीरता से माना और इसे राजनीति से नहीं जोड़ने को कहा गया।