पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ के सिंडिकेट चुनाव दिसंबर में होने जा रहे हैं। इसके लिए सीनेट सदस्य वोट करेंगे। उनका जोड़-तोड़ अभी से शुरू हो गया है। सिंडिकेट सदस्य फिर से कमेटी में शामिल होना चाहते हैं, इसलिए वह रात को भी सीनेटर्स के साथ बैठक कर रहे हैं।
सिंडिकेट का चुनाव हर साल होता है। जनवरी में नई सिंडिकेट काम करती है। इसकी सदस्य संख्या 15 है। इनका चुनाव सीनेट करती है। सीनेट में 94 सदस्य हैं। पीयू के बजट के प्रस्ताव हों या फिर टीचर-नॉन टीचिंग स्टाफ के मामले। यह पहले सिंडिकेट में आते हैं और उसके बाद सीनेट में जरूरत पड़ने पर पहुंचते हैं। सिंडिकेट में अधिकांश प्रस्ताव डिस्कशन के बाद पास हो जाते हैं। मंजूरी के लिए सीनेट में जाते हैं।
ऐसे में सिंडिकेट व सीनेट में तालमेल जरूरी होता है। सूत्रों का कहना है कि सिंडिकेट में दो गुट हावी हैं, जो अपने-अपने सदस्यों को फिर से इस बॉडी में शामिल करवाने के लिए ताकत झोंके हुए हैं। वह अभी से बैठकें करने में लगे हैं। सूत्रों का कहना है कि इस बार एक गुट की सदस्य संख्या सिंडिकेट में तीन से चार ही रहने की उम्मीद है। बाकी दूसरा पलड़ा भारी है। मालूम हो कि सिंडिकेट का चुनाव 31 दिसंबर को होगा।