पंजाब यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव के रंग में रंग गई है। छात्र संगठन यहां पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राओं को तरह-तरह के वादे करके लुभाने की कोशिश कर रहे हैं। हॉस्टल दिलाने, प्लेसमेंट सेल को एक्टिव करने और 24 घंटे लाइब्रेरी खुलवाने को अपने मेनिफेस्टो में शामिल कर रहे हैं। सभी छात्र संगठन अपने-अपने मेनिफेस्टो से छात्रों को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि छात्र संगठन अपने वादों को कैसे पूरा कराएंगे, यह एक बड़ा सवाल है।
पुलिस और पीयू प्रशासन की सख्ती के बाद स्टूडेंट संगठन आउटसाइडर्स के बैन का मुद्दा भी उठा रहे हैं और लगातार स्टूडेंट्स की नब्ज टटोल रहे हैं। इस बार छात्रसंघ चुनाव में सभी छात्र संगठनों के चुनावी मुद्दे एक जैसे ही है। स्टूडेंट्स आर्गनाइजेशन ऑफ इंडिया, पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स आर्गनाइजेशन, एनएसयूआई, एबीवीपी, हिमसू, आईएसए सभी ने लड़कियों को हॉस्टल सुविधा और 24 घंटे लाइब्रेरी सुविधा मुहैया कराने का वादा किया है।
वहीं, इवनिंग स्टडीज के स्टूडेंट्स को भी हॉस्टल दिलाने और रेगुलर स्टूडेंट्स की तरह इवनिंग स्टडीज के स्टूडेंट्स को भी लाइब्रेरी में इंट्री की सुविधा का वादा किया है। इसके अलावा कैंपस सेलेक्शन के लिए प्लेसमेंट सेल को एक्टिव करना भी सभी छात्र संगठनों के एजेंडे में शामिल है। स्टूडेंट्स की ओर से फीडबैक फार्म के माध्यम से भी स्टूडेंट्स की समस्याएं जानने का प्रयास छात्र संगठन कर रहे हैं। सभी छात्र संगठन 27 से 30 अगस्त तक अपने मेनिफेस्टो जारी करेंगे।
पीयू के पास संसाधन नहीं, कैसे पूरे होंगे वादे
छात्र संगठनों की ओर से चुनाव जीतने के बाद मेनिफेस्टो को पूरा करना एक बड़ी चुनौती होगी। क्योंकि पीयू में पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राओं के लिए हॉस्टल उपलब्ध कराने में यूनिवर्सिटी सक्षम नहीं है। इसके साथ ही अन्य मांगों को पूरा कराने के लिए विवि के पास पर्याप्त संसाधन नहीं हैं।
क्या कहते हैं छात्र नेता
एनएसयूआई के स्टेट प्रेसिडेंट गुरजोत सिंह संधू का कहना है कि छात्राओं को समानता का अधिकार दिलाना हमारा मुख्य मुद्दा है। सभी छात्राओं को हॉस्टल मिलना चाहिए। साथ ही छात्राओं को 24 घंटे लाइब्रेरी में पढ़ने की सुविधा भी हमारे एजेंडे में है। उधर, सोई के प्रेसिडेंट कैंडिडेट इकबाल सिंह का कहना है कि हम स्टूडेंट्स के मुद्दों पर चुनाव लड़ रहे हैं। स्टूडेंट्स को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारा एजेंडा है। अगर हम चुनाव जीते तो सभी वादे पूरे कराएंगे। पुसू नेता बबन चौधरी ने कहा कि पीयू को रिजल्ट से संबंधित विभाग को सेक्टर-25 में शिफ्ट करना चाहिए ताकि किसी छात्र को परेशानी न हो। इसके अलावा छात्रों को अधिक सुविधाएं दिलाना हमारे मेनिफेस्टो में शामिल है।
साढ़े 16 हजार स्टूडेंट्स, केवल 6659 को मिलता है हॉस्टल
आरटीआई से मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब यूनिवर्सिटी में 16,500 स्टूडेंट्स हैं और कुल 17 हॉस्टल हैं, जिसमें 4000 हजार कमरे हैं। इनमें 6559 स्टूडेंट्स को ही हॉस्टल अलॉट होता है। ऐसे में करीब 10 हजार स्टूडेंट्स को पीजी के भरोसे रहना पड़ता है। इस कारण स्टूडेंट्स को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हॉस्टल के दस फीसदी कमरे पीयू के डीएसडब्ल्यू के अंतर्गत होते हैं, जो कोटे से अलॉट किए जाते हैं।