पंजाब यूनिवर्सिटी(पीयू) नई सीनेट(2016-20) के लिए 19 सितंबर को मतदान होगा। इस बार कई धुरंधर मैदान में हैं और कड़ा मुकाबला होगा। प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर चुनाव क्षेत्र की चार सीटों के लिए कांटे की टक्कर होगी। चुनाव मैदान में नवदीप गोयल-रोनकी राम और दूसरी तरफ अशोक गोयल-केशव मल्होत्रा ग्रुप में कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है।
चुनाव मैदान में कई मौजूदा सीनेट किस्मत आजमा रहे हैं। प्रोफेसर की 2 सीटों के लिए पूर्व पूटा प्रेसिडेंट रजत संधीर और प्रो.अक्षय कुमार के अलावा सोशोलॉजी विभाग से प्रो.राजेश गिल,प्रो. यूबीएस से प्रो. कर्मजीत सिंह,गणित विभाग से प्रो.एसके तोमर और फिजिकल एजुकेशन विभाग में प्रो. गुरमीत सिंह चुनाव मैदान में होंगे। प्रो.रजत संधीर,प्रो.अक्षय कुमार और प्रो.राजेश गिल मजबूत उम्मीदवार माने जा रहे हैं।
उधर असिस्टेंट और एसोसिएट प्रोफेसर चुनाव क्षेत्र से साइंस और आर्ट्स संकाय से एक-एक सीट के लिए यूनिवर्सिटी ऑफ लीगल स्टडीज(यूआईएलएस) के असिस्टेंट प्रोफेसर और मौजूदा सीनेटर डॉ. अजय रंगा, लॉ विभाग के डॉ.दिनेश कुमार, यूआईईटी के डॉ. प्रवीण गोयल, फिजिक्स विभाग से डॉ. समरजीत और यूआईईटी विभाग से डॉ. वाईपी वर्मा मुकाबले में हैं। इस कैटेगरी में डॉ.अजय रंगा और प्रवीण गोयल को मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा है।
19 सितंबर को होगा मतदान
प्रोफेसर चुनाव क्षेत्र के लिए 19 सितंबर 5 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। प्रोफेसर के लिए 243 और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए 506 मतदाता जीत हार का फैसला करेंगे। 21 सितंबर शाम 5 बजे रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा।