पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ और उससे संबंधित कॉलेजों में पढ़ने वाले दृष्टिहीन छात्रों को परीक्षा लिखने में परेशान नहीं होना पड़ेगा। क्योंकि अब छात्रों को परीक्षा से 10 मिनट पहले भी राइटर लाने की मंजूरी मिल जाएगी। जबकि पहले यह प्रक्रिया काफी जटिल थी। परीक्षा शुरू होने से दो दिन पहले राइटर को साथ लेकर उसका पूरा ब्यौरा दर्ज कराना पड़ता था।
पंजाब यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में मिलाकर 100 से ज्यादा ऐसे छात्र पढ़ते हैं, जिन्हें परीक्षा लिखने के लिए राइटर की जरूरत पड़ती है। क्योंकि कई छात्र बिलकुल भी नहीं लिख पाते और कुछ ऐसे हैं जो लिख तो सकते हैं, लेकिन इतने तेज नहीं हैं कि समय पर परीक्षा पूरी कर सकें। कुछ छात्रों ने पिछले दिनों पीयू प्रबंधन से गुजारिश की थी कि राइटर की अनुमति देने के नियमों में थोड़ी छूट दी जाए।
परीक्षा शुरू होने से पहले होगी रजिस्ट्रेशन
जो छात्र लिखने में सक्षम नही हैं, वे अपने साथ अपनी मर्जी का कोई भी राइटर ला सकते हैं। पीयू प्रबंधन ने सर्कुलर जारी कर कहा है कि परीक्षा का चीफ कोऑर्डिनेटर परीक्षा शुरू होने से 10 मिनट पहले राइटर का पहचान पत्र लेकर उसे अनुमति दे सकता है।
पीयू के पास नही हैं राइटर
पंजाब यूनिवर्सिटी के पास ऐसे राइटर नही हैं, जो लिखने में असमर्थ छात्रों की मदद कर सकें। ऐसे में छात्र खुद ही अपने तौर पर राइटर को परीक्षा से दो दिन पहले रजिस्टर कराते थे। लॉ विभाग के छात्र जितेंद्र ने बताया कि उनकी परीक्षा शुरू हो गई है और कुछ विभागों की परीक्षा जल्द ही शुरू होने वाली है। ऐसे में नियमों में जो छूट दी गई है, उससे काफी राहत होगी। अब सहुलियत के तौर पर राइटर परीक्षा से ठीक पहले रजिस्टर कराया जा सकेगा।