अब पंजाब विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में रहने वाले स्टूडेंट्स को बिजली के ज्यादा चार्ज देनें होंगे। मेंटीनेंस और सेलिब्रेशन चार्ज में भी इजाफा किया गया है। बिजली के लिए सौ रुपये अधिक देना होगा। हालांकि पंजाब विश्वविद्यालय के हॉस्टल फीस में मामूली परिवर्तन ही किया गया है।
पंजाब विश्वविद्यालय के डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रोफेसर एमानुएल नाहर की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक के दौरान यह फैसला लिया गया। यह चार्ज वर्ष 2018-19 के लिए लगाए गए हैं। इलेक्ट्रिसिटी, सेलिब्रेशन फंड और मेंटीनेंस चार्ज में सौ-सौ रुपये की बढ़ोतरी की गई है। रूम रेंट, डेवलपमेंट फंड और लिफ्ट, पानी और मेस के लिए चार्ज में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
पीयू के हॉस्टल में रहने वाले स्टूडेंट्स के लिए बिजली का चार्ज पहले 2400 रुपये था और अब 2500 सौ रुपये प्रति सेमेस्टर होंगे। वहीं सेलिब्रेशन फंड में भी सौ रुपये बढ़ाए गए हैं। यह अब साढ़े तीन सौ रुपये प्रति माह होंगे। मेंटीनेंस चार्ज सौ रुपये बढ़ाए गए हैं और अब यह ग्यारह सौ रुपये प्रति सेमेस्टर होंगे।
प्रोफेसर नाहर ने बताया कि सेलिब्रेशन फंड में इसलिए बढ़ोतरी की गई है ताकि पीयू में हॉस्टल के स्टूडेंट्स के लिए आयोजित किए जाने वाले समारोह को भली भांति आयोजित किया जा सके। जीएसटी की वजह से मेंटीनेंस चार्ज में बढ़ोतरी की गई है।
गौरतलब है कि यहां आठ हॉस्टल लड़कों के हैं जिनकी क्षमता 3200 स्टूडेंट की है। इसके साथ नौ गर्ल्स हॉस्टल हैं, जिनकी क्षमता सात हजार की है। इसमें एक इंटरनेशनल हॉस्टल है, जिसकी क्षमता सौ की है। इनके लिए पावर, डेवलपमेंट और फैकल्टी का चार्ज एक हजार रुपये बढ़ाया गया है।