पंजाब यूनिवर्सिटी में वीरवार को गुलदाउदी प्रदर्शनी की शुरूआत हुई। कई किस्मों के फूल और औषधि युक्त पौधों से रोज गार्डन को सजाया गया है और इस तरह तैयार किया गया है ताकि संस्थान के दिव्यांग छात्र भी यहां आकर नजारा देख सकें।
दरअसल प्रो. आरसी पॉल रोज गार्डन में आने के लिए एक रैंप बनाया गया है। ताकि दिव्यांग छात्रों को अंदर आने में कोई दिक्कत न हो। इसके अलावा पार्क में चलने के लिए भी ऐसा ही ट्रैक बनाया गया है। पीयू के बागवानी विभाग की तरफ से हर साल गुलदाउदी प्रदर्शनी लगाई जाती है और इस बार इसे दिव्यांग फ्रेंडली थीम पर बनाया गया है।
पीयू के वीसी प्रो. अरुण कुमार ग्रोवर ने प्रदर्शनी की शुरुआत की और पार्क का पूरा चक्कर लगाकर पौधे और फूल भी देखे। वीसी ने बागवानी विभाग के प्रयास की सराहना की। प्रदर्शनी के पहले दिन वीसी के अलावा रजिस्ट्रार जीएस चड्डा, रिटायर्ड आईएफएस आईएस चड्ढा, डीयूआई प्रो. मीनाक्षी मल्होत्रा सहित कई फैकल्टी मेंबर्स और स्टूडेंट्स ने फूलों की खुशबू का अहसास किया।
पीयू बागवानी विभाग के डिविजनल इंजीनियर अनिल ठाकुर ने बताया कि करीब 184 किस्म के साढ़े चार हजार पौधे लगाए गए हैं। इसमें गुलाब के फूलों के साथ ऐसे पौधे भी हैं, जिनका इस्तेमाल हाईपरटेंशन, डायबिटिज और बुखार जैसी बीमारियों की रोकथाम में किया जाता है। उन्होंने बताया कि कई देशों में गुलदाउदी से बने पेय पदार्थ हेल्दी लाइफ स्टाइल के लिए काफी मशहूर हैं। प्रदर्शनी के पहले दिन कई स्टूडेंट्स ने रोज गार्डन का नजारा लिया और कई तो रंग-बिरंगे फूलों के साथ सेल्फी लेने में लगे रहे।