पंजाब यूनिवर्सिटी और शहर के 11 कॉलेजों में बीकॉम की 2310 सीटों के लिए वीरवार से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए है। बीकॉम एडमिशन कोआर्डिनेटर प्रो.संजय कौशिक ने सभी कॉलेजों से लिखित में बीकॉम की सही सीटों की जानकारी देने को कहा है।
पीयू स्थित यूनिवर्सिटी बिजनेस स्कूल(यूबीएस) को बीकॉम की सेंट्रलाइज्ड काउंसिलिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वीरवार बीकॉम वेबसाइट पर सीटों की सही जानकारी नहीं दी गई। पीयू ने वेबसाइट पर डीएवी कॉलेेज-10 में बीकॉम की 280 सीटें दिखाई हैं, जबकि कॉलेज को 350 सीटें अलॉट हैं। प्रिंसिपल डॉ.बीसी जोसन ने कहा कि उन्होंने शुक्रवार पीयू को इस संबंध में जानकारी दे दी है।
उधर इस साल से कोएड हो चुके गवर्नमेटं कॉलेज-11 में बीकॉम की 140 सीटों को सिर्फ लड़कों के लिए वेबसाइट पर दर्शाया गया है। जीसी-11 प्रिंसिपल प्रोफेसर जेके सहगल ने बताया कि शुक्रवार को इस संबंध में पीयू को चिट्ठी भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि बीकॉम की 140 सीटों पर लड़के और लड़कियों को मेरिट के आधार पर दाखिला मिलेगा।
प्रो.संजय कौशिक, सेंट्रलाइज्ड काउंसिल के चीफ को-आर्डिनेटर ने बताया कि डीएवी से लिखित में चिट्ठी मिलने के बाद बीकॉम की सीटों की जानकारी को वेबसाइट पर अपडेट कर दिया जाएगा।