सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने निजी स्कूलों द्वारा मनमाने ढंग से महंगी फीस और अन्य मामलों में नकेल कसने की तैयारी कर ली है। राज्यों और यूटी शिक्षा विभाग की गाइड लाइन की अनदेखी करने पर प्राइवेट स्कूलों की मान्यता रद्द होगी।
सीबीएसई ने शुक्रवार सभी राज्यों और यूटी के शिक्षा विभागों को प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। इस फैसले से चंडीगढ़ के प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद है। शहर के अधिकतर प्राइवेट स्कूल मनमानी फीस, निजी पब्लिशर्स की किताबें सिलेबस में लगवाने, कैंपस में ही ड्रेस और महंगी किताबें बेच रहे हैं। सीबीएसई ने प्राइवेट स्कूल प्रबंधकों को सख्त शब्दों में बोर्ड नियमों को फालो करने के निर्देश दिए हैं।
स्मृति ईरानी तक पहुंचा मामला
प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के मामले को अमर उजाला लगातार उठाता आ रहा है। मामले में यूटी शिक्षा विभाग ने दिखावे के लिए जांच कमेटियां तो बिर्ठाइं, लेकिन अभी तक किसी स्कूल पर कोई कार्रवाई नहीं की है। प्राइवेट स्कूलों का मामला अब केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और सीबीएसई तक पहुंच चुका है। ऐसे में यूटी प्रशासन को भी अब सख्त कदम उठाने होंगे।
किरण खेर ने कार्रवाई के लिए लिखी चिट्ठी
चंडीगढ़ पेरेंट्स टीचर्स एसोसिएशन के प्रेसिडेंट नितिन गोयल और कुछ अन्य अभिभावकों ने सांसद किरण खेर के सामने प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ शिकायत दी थी। शुक्रवार किरण खेर ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय मंत्री स्मृति ईरानी को चिट्ठी लिखकर प्राइवेट स्कूलों की मंहगी फीस, मनमाने फंड ,स्कूल में ड्रेस और किताबें बेचने और निजी पब्लिशर्स की किताबें लगवाने को लेकर चिट्ठी लिखी थी। खेर ने कहा कि अभिभावकों से गलत तरीके से पैसे लेने वाले स्कूलों पर कार्रवाई की जाए। उधर, शाम को ही सीबीएसई ने इस संबंध में देश भर के राज्यों और यूटी शिक्षा विभाग को चिट्ठी जारी कर दी।
नितिन गोयल,प्रेसिडेंट चंडीगढ़ पेरेंट्स एसोसिएशन ने बताया किप्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ चंडीगढ़ पेरेंट्स एसोसिएशन के सदस्य सांसद किरण खेर से मिले थे, उन्होंने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को मामले में कार्रवाई को चिट्ठी लिखी है। सीबीएसई ने भी प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ शिकायतों पर शुक्रवार को सर्कुलर जारी किया है। यूटी शिक्षा विभाग को भी अपने स्तर पर जिन प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ शिकायतें आई हैं उस पर कार्रवाई करनी चाहिए। मेरी अभिभावकों से गुजारिश है कि वह बिना डर के प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ शिकायत दें।
रूबिंदरजीत सिंह बराड़, डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन चंडीगढ़ ने बताया कि प्राइवेट स्कूलों में फीस और अन्य फंड पर कंट्रोल को लेकर यूटी प्रशासन ने फीस पॉलिसी ड्रॉफ्ट तैयार किया है। लोगों से सुझावों के बाद इसे लागू किया जाएगा। सीबीएसई की ओर से जारी निर्देशों को सभी प्राइवेट स्कूलों में सख्ती से लागू किया जाएगा।