अगर सब कुछ ठीक रहा तो पंजाब विश्वविद्यालय में जल्द ही 56 नए रोजगारपरक कोर्सेज शुरू हो जाएंगे। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा गया है। वहां से मंजूरी मिलने के बाद इनकी ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी। यह ट्रेनिंग केवल अल्पसंख्यक वर्ग यानी सिख, जैन व मुस्लिम समुदाय के स्टूडेंट्स को मिलेगी। केंद्र सरकार स्किल डेवलपमेंट योजना चला रही है। इस योजना के तहत स्टूडेंट्स को विभिन्न ट्रेडों का प्रशिक्षण देकर रोजगार की ओर उन्मुख किया जाता है।
उसी के तहत पीयू में स्टूडेंट्स को यह ट्रेनिंग दी जाएगी। स्किल डेवलपमेंट सेल के निदेशक डॉ. हरीश कुमार, डॉ. मुकेश कुमार व डॉ. मक्खन सिंह ने इसके लिए प्रोजेक्ट तैयार किया। इस ट्रेनिंग पर 5.94 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह ट्रेनिंग दो से तीन माह की होगी। इसके अलावा पर्सनाल्टी डेवलपमेंट के अलग से कोर्सेज शुरू होंगे। बताते हैं कि भारत सरकार को भेजा गया प्रस्ताव इसी माह में मंजूर होता है तो उसके अगले माह से ट्रेनिंग शुरू कर दी जाएगी। इस कोर्सेज का लाभ दस हजार से अधिक विद्यार्थियों को मिल सकेगा।
ये कोर्स होंगे शुरू
एम्ब्रोडरी, कपड़ा बनाना, सिलाई-कढ़ाई मशीन टेक्नीशियन, म्यूचुअल फंड, एक्सपोर्ट टेक्नोलॉजी, सोलर इलेक्ट्रिक सिस्टम, इलेक्ट्रॉनिक रिपेयर, कंप्यूटर हार्डवेयर, एनिमेशन, खराद मशीन टेक्नीशियन आदि शामिल हैं।
इन कोर्सेज की ट्रेनिंग के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। भारत सरकार से मंजूरी मिलने के बाद शुरू होंगे। प्रस्ताव तैयार कराने में शिक्षकों का बड़ा योगदान रहा है।
- डॉ. हरीश कुमार, निदेशक, स्किल डेवलपमेंट पीयू