विदेशी विश्वविद्यालयों की तर्ज पर अब पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) भी स्नातक की पढ़ाई के साथ पीएचडी कराने की तैयारी कर रहा है। विश्वविद्यालय की ओर से इसका प्रस्ताव मानव संसाधन विकास मंत्रालय को भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही इस योजना को धरातल पर उतारा जाएगा। अमेरिका के स्टैंमफर्ड शहर के एक प्रोफेसर ने चार साल पहले पंजाब विश्वविद्यालय का दौरा किया।
उन्होंने पीयू को राय दी कि वह अपने विद्यार्थियों को स्कूली शिक्षा के बाद सीधे रिसर्च से जोड़े। यह सुझाव पीयू को बहुत रास आया, लेकिन इसके लिए प्लानिंग व बजट की आवश्यकता थी। पीयू ने इस पर काम शुरू कर दिया। प्लान तैयार हो गया। पीयू ने रास्ता निकाला कि देश के प्रख्यात संस्थानों की सूची में पीयू के शामिल होने के बाद यह काम शुरू किया जा सकता है। इसको लेकर पीयू के प्रोफेसर्स मानव संसाधन विकास मंत्रालय पहुंचे और भविष्य की योजना बताई, लेकिन योजना धरातल पर नहीं उतर पाई।