डबल बेंच में अपील के बाद भी विभाग को राहत नहीं मिली। कोर्ट ने कहा कि शिक्षकों को बर्खास्त करने से पहले अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाना चाहिए था। शिक्षकों को नोटिस दिए बिना एकतरफा कार्रवाई की गई। आरोपी शिक्षकों का पक्ष भी सुना जाना चाहिए था। कोर्ट ने विभाग को तय प्रक्रिया का पालन करने के आदेश दिए थे।
इस पर सचिव शिक्षा आर मीनाक्षी सुंदरम ने निदेशक विद्यालयी शिक्षा आरके कुंवर को शिक्षकों को बहाल करने के निर्देश दिए। निदेशक ने सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों को शिक्षकों को बहाल करने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षकों को बहाल करने के बाद शिक्षा विभाग उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करेगा। शिक्षकों से पूछा जाएगा कि जांच में उनकी डिग्री फर्जी पाई गई है। ऐसे में क्यों न उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया जाए। इसके बाद शिक्षकों को अपना पक्ष रखने का समय दिया जाएगा। नियमानुसार शिक्षकों को दो से तीन नोटिस जारी किए जा सकते हैं। उसके बाद मेरिट के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सभी जिलों के अधिकारियों को शिक्षकों को बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। कोर्ट के आदेश पर बहाली की कार्रवाई का जा रही है। उसके बाद नियमानुसार नोटिस जारी कर जवाब लिया जाएगा।
-आरके कुंवर, निदेशक, विद्यालयी शिक्षा
एसआईटी के सत्यापन में शिक्षकों की डिग्री अमान्य मिलने का सिलसिला थम नहीं रहा है। हरिद्वार, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग के तीन और शिक्षकों की डिग्री अमान्य पाई गई है। अब इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की संस्तुति की जा रही है। अमान्य डिग्री वाले शिक्षकों का आंकड़ा 69 तक पहुंच गया है। जबकि 20 हजार से अधिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन होना बाकी है।
शिक्षा विभाग में अमान्य डिग्री से भर्ती के इस खेल का भंडाफोड़ अमर उजाला ने किया था। शासन ने अमर उजाला की इस मुहिम का संज्ञान लेकर सीबीसीआईडी की अपर पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे की अगुवाई में एसआईटी गठित की है। शुरूआती दौर में तो शिक्षा विभाग ने दस्तावेज उपलब्ध कराने में आनाकानी की थी। लेकिन, जब शिक्षा मंत्री ने कड़ा रुख अख्तियार किया तो दस्तावेज उपलब्ध कराए गए।
एसआईटी ने पहले दौर में खुली शिकायतों के आधार पर जांच की तो कई शिक्षकों की डिग्री अमान्य पाई गई थी। उसके बाद 56 हजार प्रमाणपत्रों के सत्यापन का जिम्मा एसआईटी को दिया गया। करीब तीन माह पहले तक 66 शिक्षकों की डिग्री अमान्य पाई जा चुकी थी। इनमें से कई के खिलाफ अभी तक अभियोग पंजीकृत नहीं हो पाए हैं। एएसपी श्वेता चौबे के स्थानांतरण के बाद एएसपी सरिता डोभाल पर एसआईटी की जिम्मेदारी आ गई है। एसआईटी द्वारा कराए जा रहे सत्यापन में तीन और शिक्षकों के डिग्री अमान्य पाई गई है।
एसआईटी द्वारा कराए जा रहे सत्यापन में तीन और शिक्षकों की डिग्री अमान्य पाई गई है। ये शिक्षक हरिद्वार, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग में तैनात हैं। अब इन शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की संस्तुति की जा रही है। 20 हजार के करीब प्रमाणपत्रों का सत्यापन अभी होना बाकी है।
सरिता डोभाल, प्रभारी एसआईटी