सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा में सभी विषयों में अच्छे अंक और अंग्रेजी की परीक्षा में कम नंबर आने का मामला हाईकोर्ट पहुंच गया है। भवन विद्यालय चंडीगढ़ के छात्रों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अंग्रेजी के पेपर की रिवैल्युएशन के आदेश देने की अपील की है। याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) के चेयरमैन और रीजनल डायरेक्टर को 4 जून के लिए नोटिस जारी कर जवाब मांग लिया है।
विद्यार्थियों ने एडवोकेट बलतेज सिद्धू के जरिये हाईकोर्ट में याचिका दायर कर बताया है कि वह भवन विद्यालय के छात्र हैं। उन्होंने मार्च में बाहरवीं कक्षा की परीक्षा दी थी और अब परीक्षा के नतीजे घोषित हुए तो उन्हें प्रत्येक विषय में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल हुए हैं लेकिन अंग्रेजी में उन्हें कम अंक दिए गए, जबकि उनका अंग्रेजी का पेपर काफी अच्छा हुआ था। अंग्रेजी में कम अंकों के चलते उनकी ओवरआल परसेंटेज काफी हद तक प्रभावित हुई है।
स्कूल प्रबंधन और याचिकाकर्ताओं ने इस पेपर को दोबारा चेक किये जाने की सीबीएसई से मांग की थी जिसे सीबीएसई ने खारिज कर दिया। याचिकाकर्ताओं के वकील ने हाईकोर्ट को बताया कि यह सभी छात्र बेहद ही मेधावी हैं और उन्हें सभी विषयों में काफी अच्छे अंक मिले हैं सिवाय अंग्रेजी के। इससे साफ है कि उनके अंग्रेजी के पेपर की चेकिंग में जरूर कोई गलती हुई है। इस पेपर में कम अंक आने से उनकी परसेंटेज प्रभावित हुई है। अब इस कम परसेंटेज के चलते उन्हें आगे कॉलेज या यूनिवर्सिटी में दाखिला लेने में परेशानी आ रही है।