हरियाणा के महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में सोमवार से ऑनलाइन दाखिला प्रक्रिया शुरू हो गई। हरियाणा उच्च शिक्षा विभाग की अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं का मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार सुबह शुभारंभ किया। विभाग ने नेशनल इंर्फोमेशन सेंटर (एनआईसी) के सहयोग से ऑनलाइन दाखिलों का ऐसा प्लेटफार्म विकसित किया है, जिसके जरिए विद्यार्थी घर बैठे ही दाखिले की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। उन्हें कॉलेज नहीं आना पड़ेगा।
यह प्लेटफॉर्म स्वचालित (ऑटोमेटेड) है। विभाग ने विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और छात्रों से संबंधित सभी सूचनाओं को सुगम बनाने के लिए व्हाट्सऐप चैटबॉट भी विकसित किया है। राज्य में अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए विभाग ने ऑनलाइन अंतरराष्ट्रीय पत्रिका तैयार की है। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले ऑनलाइन दाखिला पोर्टल का शुभारंभ किया। इसके बाद चैटबॉट, नए वेब पोर्टल व 158 सरकारी कॉलेजों की वेबसाइट के अलावा ऑनलाइन इंटरनेशनल जर्नल को लॉन्च किया।
आवेदन की प्रक्रिया 21 सितंबर तक चलेगी
ऑनलाइन दाखिले की प्रक्रिया 21 सितंबर तक चलेगी। इसके बाद 22 से 25 सितंबर तक ऑनलाइन आए आवेदनों की जांच की जाएगी। पहली लिस्ट 26 सितंबर को जारी की जाएगी। फिर दाखिला और आवेदन शुल्क 29 सितंबर तक जमा कराए जा सकेंगे। दूसरी मेरिट लिस्ट 30 सितंबर को जारी होगी। दाखिला और आवेदन शुल्क अगले महीने 1 से 5 अक्टूबर तक जमा किए जा सकेंगे।