चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों में नए सेशन से 11वीं का दाखिला ऑनलाइन होगा। यह अपने आप में नया प्रयोग है। आवेदन करने से लेकर फीस भरने तक पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। विद्यार्थियों और अभिभावकों को स्कूलों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। इस योजना को लागू करने के लिए शुक्रवार को चंडीगढ़ शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल से बैठक की, ताकि सेशन शुरू होने से पहले सब तैयारियां हो जाएं।
यूटी का शिक्षा विभाग इसके लिए विशेष वेबसाइट बनाएगा। इसमें सब स्कूलों का ब्यौरा होगा। साइट में सीट से लेकर स्ट्रीम और स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं संबंधी बताया जाएगा। दाखिला लेने के इच्छुक विद्यार्थियों को पोर्टल पर रजिस्टर करना होगा। इसके बाद एक लॉगिन आईडी और पासवर्ड मिलेगा। विद्यार्थियों को अपने लॉगिन से ही दाखिले से संबंधित सभी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके अलावा फीस भी ऑनलाइन जमा होगी।
स्कूल अलॉटमेंट का आएगा अलर्ट
विद्यार्थियों को दसवीं की मेरिट के हिसाब से स्कूल अलॉट होगा। जो भी स्कूल मेरिट अलॉट होगा, उसका अलर्ट मोबाइल पर आ जाएगा। दाखिला लेने के लिए अलग-अलग स्कूलों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। विद्यार्थियों को सिर्फ उसी स्कूल में जाना होगा, जो उसे अलॉट होगा। स्कूल स्तर पर दाखिले का यह सिस्टम लागू करना नई पहल है। हालांकि कॉलेज और यूनिवर्सिटी स्तर पर तो यह पहले से ही लागू हो चुका है।
रिजल्ट के बाद जारी होगा शेड्यूल
10वीं का रिजल्ट आने के बाद 11वीं में दाखिले का शेड्यूल जारी होगा। इसमें बताया जाएगा कि कब आवेदन करना है, कब दस्तावेज अपलोड करने हैं और कब फीस भरी जाएगी। जब तक रिजल्ट आएगा, तब तक शिक्षा विभाग इस ऑनलाइन एडमिशन योजना का काम पूरा करने में जुट गया है।