सीमा पर भारत-पाकिस्तान में तनाव के बीच दोनों मुल्कों के पहलवान अखाड़े में शनिवार को जोर आजमाइश करते नजर आएंगे। हिमाचल के मंडी जिले में सरकाघाट उपमंडल के बैरा गांव में अखाड़ा सज गया है।
भारत और पाकिस्तान के अलावा जॉर्जिया समेत कई अन्य देशों से पहलवान भी रुस्तम-ए-हिंद दंगल में दांव दिखाने पहुंचेंगे। इस दंगल की यह दूसरी कड़ी है। रुस्तम-ए-हिंद खिताब जीतने वाले पहलवान को डेढ़ लाख की बुलेट बाइक और एक लाख रुपये की इनामी राशि से नवाजा जाएगा।
दंगल का आयोजन शनिवार को बैरा में किया जा रहा है। जिसमें 60 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पहलवान पहुंच रहे हैं। आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर व परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर के अलावा स्थानीय विधायक कर्नल इंद्र सिंह इस दंगल में विशेष रूप से शिरकत करेंगे।
हिमाचल कुश्ती संघ के कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रमोहन शर्मा ने कहा कि इस दंगल में देश-विदेश से पहलवान हिस्सा लेंगे। प्रमुख पहलवानों में होली, रितेश काला, भोला कासनी, कमलजीत दम, रेशम गुर्जर, अजय गुर्जर, प्रवेश बहादुरगढ़, पुरिया, हरकेश खली जैसे भारत
केसरी एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान शामिल हैं। बैरा कुश्ती महादंगल में जगदीश पहलवान, डॉ. संजय यादव, अनिल खजूरिया, अनिल शर्मा, ओमप्रकाश शर्मा, दिनेश शर्मा, आयोजन कमेटी में भाग लेकर इस दंगल को सफल बनाने में जुटे हैं।