पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) में शनिवार को बड़ा फेरबदल हुआ। वीसी के करीबी डीएसडब्ल्यू नवदीप गोयल समेत दो डीन स्टूडेंट वेलफेयर को पद से हटाने के निर्देश जारी कर दिए गए।
वाइस चांसलर ने पीयू में छात्र व छात्राओं के डीन स्टूडेंट वेलफेयर को तत्काल प्रभाव से बदल दिया है। फिजिक्स विभाग के प्रोफेसर नवदीप गोयल की जगह यूआईईटी के प्रोफेसर जितेंद्र गोस्वामी को अस्थाई तौर पर छात्रों की डीएसडब्ल्यू बनाया गया है। वहीं, छात्राओं की डीन प्रोफेसर नंदिता की जगह प्रोफेसर नीना कपिलाश को डीएसडब्ल्यू बनाया गया है। नीना कपिलाश को स्थाई तौर पर तीन साल के लिए इस पद पर नियुक्त किया गया है।
सूत्रों का कहना है कि कुछ दिन पहले डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रोफेसर नवदीप गोयल और नंदिता सिंह ने वीसी अरुण र्र्गोवर से मिलकर पद मुक्त करने की मांग की थी। उनकी इस बात को मान लिया गया है। माना जा रहा है कि प्रोफेसर जितेंद्र गोस्वामी की अस्थाई नियुक्ति है। जब तक सिंडिकेट की बैठक नहीं होती तभी तक गोस्वामी इस पद पर रहेंगे। इस पद को लेकर चतरथ गुट व अशोक गोयल गुट में खींचतान चल रही है। चतरथ व यूनिवर्सिटी ग्रुप की ओर से इस पद पर प्रोफेसर योगराज अंगरीश को लगाने की कोशिशें हो रही हैं।