पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में अब एमबीए की परीक्षाएं व कॉपियां जांचने का काम परीक्षा नियंत्रक कार्यालय के अधीन नहीं होगा। इसके लिए खुद यूबीएस विभाग ही परीक्षाएं करवाएगा और कॉपियां भी चेक होंगी। विभाग ने सात सदस्यीय कमेटी बनाई है, उसी की निगरानी में यह पूरा काम होगा। इसी साल से यह व्यवस्था लागू होगी।
यूबीएस विभाग आठ विषयों में एमबीए करा रहा है। इसमें एक हजार से अधिक विद्यार्थी शिक्षा पा रहे हैं। अब तक पीयू का परीक्षा नियंत्रक कार्यालय इन सभी विद्यार्थियों के एग्जाम कराने से लेकर हर कार्य करता आ रहा था, लेकिन अब इस कार्यालय की जिम्मेदारी नहीं होगी। यूबीएस विभाग को ऑनर्स स्कूल का दर्जा मिल गया है।
इसी के चलते अब पूरी जिम्मेदारी यूबीएस की होगी। इसी के लिए कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी पूरे सालभर में होने वाले एग्जाम से लेकर कॉपियां चेक करवाने तक का कार्य करेगी। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय को सूचनार्थ लिस्ट भेजी जाएंगी। परीक्षा नियंत्रक कार्यालय इस कमेटी के काम में दखल नहीं देगा।
यूबीएस विभाग के चेयरमैन प्रो. दीपक कपूर ने बताया कि कमेटी इसके लिए बन गई है जो इसी वर्ष से काम शुरू कर रही है।