हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड वर्ष 2004 से 2017 तक के लाखों स्टूडेंट्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। एक सरकारी फरमान जारी हुआ है। विभाग अब सभी परीक्षाओं के परिणामों को ऑॅनलाइन करेगा। नौकरियां पाने वाले अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की वेरिफिकेशन को ऑॅनलाइन किया जाएगा। विभागीय वेरिफिकेशन का कोई शुल्क देय नहीं होगा। प्राइवेट संस्थाओं को वेरिफिकेशन के लिए शुल्क देय होगा।
वीरवार को बोर्ड मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह व सचिव धीरेंद्र खरगटा ने बताया कि वर्ष 2004 से पूर्व की सभी परीक्षाओं की परिणाम शीट को डिजिटलाइजेशन किया जा रहा है। अब अध्यापकों व बच्चों को इन कार्यों के लिए बोर्ड में नहीं आना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि प्रमाण पत्रों की वेरिफिकेशन के लिए सेना के साथ हर विभाग को एक कोड दिया जाएगा जिससे वे वहीं से वेरिफिकेशन कर सकेंगे। परीक्षार्थी अपना डुप्लीकेट प्रमाणपत्र ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे। कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से घर बैठे ही ये सभी सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे।
परीक्षा परिणाम 20 मई को किए जाएंगे घोषित
सचिव ने बताया कि परीक्षार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए आगामी डीएलएड, सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक, रि-अपीयर, मुक्त विद्यालय) जुलाई 2018 में होने वाली परीक्षाओं के मूल्यांकन का कार्य ऑनलाइन किया जा रहा है। सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) परीक्षाओं के परिणाम 20 मई को घोषित किए जाएंगे।
संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर लगेगा जीपीएस सिस्टम
नकल के लिहाज से संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर नजर रखने के लिए जीपीएस बेस्ड परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि वार्षिक परीक्षाओं के दौरान गठित 404 उड़नदस्तों से संवेदनशील व अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों बारे रिपोर्ट/सूची मांगी गई है। भविष्य में परीक्षा केंद्र बनाने से पूर्व रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
शिक्षा बोर्ड परीक्षा में 4976 नकलची पकड़े
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की मार्च-2018 संचालित सालाना परीक्षाओं में विभिन्न उड़नदस्तों ने प्रदेशभर में 4976 अनुचित साधन प्रयोग के मामले दर्ज किए। अध्यक्ष व सचिव ने बताया कि विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कोताही बरतने पर 108 अध्यापक, जिनमें 4 प्रमुख केंद्र अधीक्षक, नौ केंद्र अधीक्षक, तीन उप-अधीक्षक, 88 सुपरवाइजर व चार आब्जर्वर को परीक्षा ड्यूटी से हटाया गया। विभिन्न जिलों के सेकेंडरी एवं सीनियर सेकेंडरी के 28 परीक्षा केंद्र शिफ्ट किए गए। उन्होंने बताया कि सैकेण्डरी (शैक्षिक, रि-अपीयर व मुक्त विद्यालय) के 25 परीक्षा केंद्रों एवं सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक, रि-अपीयर व मुक्त विद्यालय) के 18 परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा की पवित्रता भंग होने के कारण विभिन्न विषयों के पेपर रद्द किए गए थे।