11वीं कक्षा में एडमिशन के लिए दो दिन में आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को दाखिला मिलेगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने योजना बनानी शुरू कर दी है। इसके लिए शुक्रवार को सभी कॉलेजों के प्रिंसिपल के साथ जिला शिक्षा अधिकारी अनुजीत कौर ने बैठक की। बताया जाता है कि तीनों काउंसिलिंग में दाखिला न मिलने वाले छात्रों को सुनहरा मौका देते हुए विभाग ने एक और लास्ट चांस दिया है। इसके तहत गत दो दिन तक चली फॉर्म जमा करवाने की इस प्रक्रिया में विभाग के पास 1700 से 1800 आवेदन आए हैं।
वहीं, शहर के सभी 40 स्कूलों के प्रिंसिपल्स ने इस बात को साफ कर दिया है कि उनके स्कूल में कोई भी सीट खाली नहीं है। मालूम हो कि आवेदन मांगने से पहले विभाग यह उम्मीद लगाए बैठा था कि हजार या फिर 1200 बच्चे ही आवेदन करेंगे, लेकिन इतनी संख्या में आए आवेदनों ने विभाग की नींद उड़ा दी। पिछली तीनों काउंसिलिंग के दौरान सभी स्कूलों में ज्यादातर सीटें भर ली गई हैं। ऐसे में कुछ स्कूलों में सीटें खाली होने की संभावना जताई जा रही है। विभाग द्वारा पूरी कोशिश की जा रही है कि किसी बच्चे का साल खराब न हो।
चौथी काउंसिलिंग में उन फॉर्म की संख्या भी ज्यादा है जो बच्चे अपना स्कूल बदलवाना चाहते हैं। अब ऐसे में विभाग के पास उचित डाटा नहीं है कि कितने बच्चे दाखिले से दूर हैं। विभाग की ओर से शनिवार या फिर रविवार को उन स्कूलों की सूची बनाई जाएगी, जिनमें सीटें खाली हैं। इस जानकारी के आधार पर बच्चों को तुरंत दाखिला दे दिया जाएगा। बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि सभी स्कूल प्रिंसिपल्स अपने स्कूल में चल रही 11वीं क्लास के हर सेक्शन की सही जानकारी विभाग को दें ताकि दाखिले से दूर बच्चों को दाखिला मिल सके।
सूत्रों के अनुसार इस बैठक में केवल डीईओ ही थीं, बाकी शिक्षा विभाग अधिकारी नहीं पहुंचे।
प्रिंसिपल्स के साथ बैठक का आयोजन किया गया है। एडमिशन आदि को लेकर अभी हम कुछ नहीं कह सकते। डीएसई रूबिंदरजीत सिंह बराड़ शनिवार को शहर आ जाएंगे। उनसे इस बैठक के बारे में बात की जाएगी और जो भी निर्णय होगा वह विभाग की वेबसाइट पर 13 अगस्त को अपलोड कर दिया जाएगा।
- अनुजीत कौर, डीईओ, शिक्षा विभाग