पंजाबी यूनिवर्सिटी में दफ्तर के कामकाज को और बेहतर बनाने के लिए एक सॉफ्टवेयर प्रणाली का विकास किया जा रहा है। इस प्रणाली से किसी भी फाइल या अर्जी को ट्रैक करना आसान हो जाएगा। मसलन, संबंधित फाइल/अर्जी/दस्तावेज किस दफ्तर में कब प्राप्त हुआ और किसके पास है और कब आगे बढ़ाया गया है, इन सबके बारे में जान सकेंगे।
इस टीम की अगुवाई कंप्यूटर साइंस विभाग के डॉ. विशाल गोयल कर रहे हैं। डॉ. अंकुर राणा ने प्रमुख तौर से योगदान दिया है। सॉफ्टवेयर का निर्माण लगभग अंतिम चरण पर है।
इस संबंध में वीसी डॉ. बीएस घुम्मन ने कहा कि इस सॉफ्टवेयर प्रणाली के विकसित किए जाने से यूनिवर्सिटी प्रबंधन में और व्यवहारिकता, पारदर्शिता, स्पष्टता और तेजी आएगी और रोजाना के कामकाज और बेहतर, सुचारु ढंग से और समय पर निपट सकेंगे। उन्होंने कहा कि केवल यूनिवर्सिटी ही नहीं बल्कि हर एक विभाग में दफ्तर प्रबंधन की प्रक्रिया दौरान अक्सर ही फाइलों के बारे यह शिकायतें मिलती रहती हैं कि यह नहीं पता चल रहा है कि फाइल किस शाखा तक पहुंच पाई है।
ऐसे सॉफ्टवेयर की मदद से जहां प्रबंधन में कर्मचारियों के लिए आसानी होगी, वहीं जिस व्यक्ति/विभाग से संबंधित कोई भी काम होगा, उसको भी संबंधित सेवाओं की प्राप्ति के लिए आसानी हो जाएगी। वीसी ने बताया कि सॉफ्टवेयर के पूरा होने के बाद सभी कर्मचारियों को इसकी ट्रेनिंग दी जाएगी। डॉ. विशाल गोयल ने बताया कि यह सॉफ्टवेयर तकरीबन तैयार है।
छात्रों की सुरक्षा को मोबाइल एप तैयार होगा
पीयू के ही कंप्यूटर इंजीनियरिंग विभाग के डॉ. गौरव गुप्ता एक मोबाइल एप विकसित कर रहे हैं। यह एप यूनिवर्सिटी कैंपस में सुरक्षा के मसले को लेकर तैयार किया जा रहा है। एप के जरिए छात्र किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी इलाके में तैनात सुरक्षाकर्मी से संपर्क कर सकेंगे।