पंजाब यूनिवर्सिटी व उससे संबद्ध 189 कालेजों में अगले सत्र से एग्जामिनेशन चार्टर लागू होगा। परीक्षा से संबंधित काम में अगर किसी प्रकार की अनियमितता में कर्मचारी दोषी पाए गए तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जुर्माना भी लगाया जाएगा। यह बात प्रेस मीट के दौरान वीरवार को परीक्षा नियंत्रक पंजाब यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर परविंदर सिंह ने कही।
उन्होंने बताया कि एग्जामिनेशन चार्टर स्टूडेंट्स की सभी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बनाया जाएगा। इसमें स्टूडेंट्स को एग्जाम सेंटर, प्रवेश पत्र मिलने की तिथि, एग्जाम में किसी प्रकार की असुविधा आने पर कर्मचारी ने मदद नहीं की तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी एग्जाम से संबंधित सुविधाओं के लिए निर्धारित दिन में काम करने के निर्देश जारी किए जाएंगे।
अगले सत्र से पंजाब यूनिवर्सिटी के सभी विभागों में एग्जाम प्रणाली ऑनलाइन की जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन क्वेश्चन बैंक ऑफ इंट्रेंस एग्जाम लिया जाएगा। पंजाब यूनिवर्सिटी के कालेज में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स का डाटा ऑनलाइन किया जाएगा। किसी भी स्टूडेंट्स को अपना रिकार्ड खोजने में परेशानी का सामना नहीं करना पडे़गा। उन्होंने बताया कि इस साल अंडर ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स के लिए ऑनलाइन फार्म निकाले गए हैं।
इससे स्टूडेंट्स को लाइन में लगने की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। फार्म में अगर किसी प्रकार की गलती हो जाए तो ऑनलाइन रिवैल्यूएशन फार्म भरा जा सकता है। पंजाब यूनिवर्सिटी में 269 कोर्स हैं। यहां पर महीने में 25 वर्किंग डे होते हैं। वहीं, एग्जाम के लिए 295 सेंटर बनाए गए हैं। इसके अलावा 61 बीएड के सेंटर बनाए गए हैं। पीयू की ओर से नाद ऑनलाइन साफ्टवेयर बनाया गया है। इसमें डिग्री, डिप्लोमा, सर्टिफिकेट मार्क्स चौबीस घंटे लोग अपने हासिल कर सकते हैं।