चंडीगढ़ में कक्षा एक से आठ तक प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत नौनिहालों को घर में ही पौष्टिक आहार मिल सकेगा। यूटी प्रशासन ने इसके लिए 31.78 लाख रुपये मिड-डे मील भत्ता जारी किया है। प्रशासन की ओर से तत्काल यह राशि स्कूली बच्चों में वितरित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिम्मेदार विभाग इसकी तैयारियों में जुट गया है।
बता दें कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए चंडीगढ़ के कक्षा एक से आठ तक सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों को बंद कर दिया गया है। इन विद्यालयों में लगभग 55 हजार नौनिहाल शिक्षा ग्रहण करते हैं। स्कूल बंद होने के कारण मिड-डे मील के तहत छात्र छात्राओं को मिलने वाला पौष्टिक आहार भी नहीं मिल पा रहा है।
यूटी प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की इस समस्या को देखते हुए 31.78 लाख रुपये मिड-डे मील भत्ते की व्यवस्था की है। इस भत्ते के तहत पात्र हर छात्र को तय राशि दी जाएगी, जिससे वह घर में ही बैठकर पौष्टिक आहार को ले सके। यह राशि 10 कार्य दिवसों तक दी जाएगी।
प्रशासन की ओर से जारी आदेशों में दिया गया है कि प्राथमिक विद्यालय में अध्ययनरत छात्र को 47.30 रुपये और उच्च प्राथमिक विद्यालय में अध्ययनरत छात्र को 70.85 रुपये दिए जाएंगे। इस राशि से वह घर में बैठकर ही पौष्टिक आहार ग्रहण कर सकता है। प्रशासन ने मिड-डे मील भत्ते की इस राशि को संबंधित विभाग के खाते में स्थानांतरित भी कर दिया है।