कोरोना फैलने के खौफ के चलते पंजाब विश्वविद्यालय यूबीएस के इटली में खुलने वाले सेंटर का प्रस्ताव फिलहाल टाल रहा है। माना जा रहा है कि दो माह बाद ही स्थिति ठीक होने पर पीयू की टीम वहां का दौरा करेगी। इस सेंटर के जरिये इटली व आसपास के देशों के युवाओं को ऑनलाइन एमबीए की पढ़ाई करवाने का प्रस्ताव था। पंजाब विश्वविद्यालय ने एक साल पहले सपना देखा था कि पीयू के यूबीएस का एक सेंटर विदेश में स्थापित हो। उसी के तहत योजना बनाई गई और पीयू वीसी प्रो. राजकुमार ने इटली व आसपास के देशों का दौरा किया।
आखिर में इटली कोर्स संचालन के लिए मुफीद दिखा। वहां रहकर इन्होंने पाया कि वहां के लोगों के पास समय का अभाव है। ऐसे में उन्हें सेंटर पर बुलाने की जगह ऑनलाइन पढ़ाया जाए तो उन्हें सुविधा मिलेगी। उसी के तहत पीयू ने प्लान तैयार किया। वीसी ने लौटकर यहां स्थिति सामने रखी। उसके बाद यूबीएस विभाग को आदेश दिए गए कि इसके लिए कोर्स तैयार किया जाए। सूत्रों का कहना है कि एक टीम ने ऑनलाइन एमबीए कराने का प्रस्ताव तैयार किया। प्रथम चरण में 50 सीटें रखी गईं।
फीस आदि के निर्धारण पर भी लगभग बात हो गई। पाठ्यक्रम भी विभाग की ओर से वर्ल्ड स्तर का तैयार किया गया। उसके बाद यूबीएस के अलावा अन्य विशेषज्ञों की टीमों को इन्हीं दिनों में इटली का दौरा करना था, लेकिन इस बीच कोरोना का खौफ सामने आ गया। इटली में चीन के बाद सर्वाधिक लोग इस वायरस की चपेट में हैं। सूत्रों का कहना है कि ऐसे में पीयू की टीम ने सभी दौरे रद्द कर दिए हैं। जब वायरस का प्रकोप खत्म होगा तभी पीयू की टीम वहां जाएगी।
यूबीएस का दुनियाभर में नाम
पीयू के यूबीएस सेंटर का दुनियाभर में नाम है। इसकी रैंकिंग भी विश्व स्तरीय है। 15वीं रैंक हासिल होने के बाद यूबीएस सेंटर का बड़ा नाम हो गया। यहां का प्लेसमेंट भी बेहतर है। कैट के जरिये यहां दाखिले लिए जाते हैं। कई विषयों में यहां एमबीए करवाया जा रहा है। जानकारों का कहना है कि इटली के सेंटर को संचालित करने के लिए शिक्षक यहां से भी जा सकते हैं या फिर इटली के ही शिक्षक वहां के लोगों को शिक्षा देंगे। हालांकि, इस पर अभी सहमति नहीं बन पाई है। इटली में सेंटर स्थापना के बाद पीयू अन्य देशों में भी सेंटर खोल सकता है।