पंजाब यूनिवर्सिटी में खुले मिले ढाबे
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आदेश जारी किया है कि कोई भी दुकान, ढाबे व कैंटीन नहीं खुलेंगी, लेकिन इस आदेश का पालन बुधवार को होता नजर नहीं आया। ढाबे खुले नजर आए। स्टूडेंट सेंटर पर भी मंगलवार को एक दुकान खुली थी और बुधवार को एक और दुकान खुली दिखी। हालांकि बाद में उसे बंद कर दिया गया।
पीयू के बी ब्लॉक के पास एक ढाबा दिनभर खुला। वहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी खाने के लिए पहुंचे। काफी भीड़ रही जबकि केंद्र सरकार ने साफ आदेश दे दिए हैं कि समूह में लोग एकत्रित नहीं होंगे। इसी को देखते हुए पीयू ने ढाबे, कैंटीन, दुकानें बंद करने के लिए आदेश जारी किए थे। कुछ लोगों ने ढाबा बंद करने के लिए संचालक को भी कहा, लेकिन उस बात को गंभीरता से नहीं लिया गया।
इसी तरह एसबीआई बैंक के पास भी एक दुकान खुली नजर आई। स्टूडेंट सेंटर पर भी एक दुकान खुली दिखी। पीयू प्रशासन से कुछ लोगों ने मांग की है कि इसकी मॉनीटरिंग की जाए। साथ ही दुकान, ढाबा, कैंटीन खोलने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। डीयूआई प्रो. शंकरजी झा ने कहा कि ढाबा या कैंटीन या दुकानें खुल रही हैं तो उनकी जांच करवाकर कार्रवाई करेंगे। समूह में विद्यार्थी एकत्रित नहीं होंगे देंगे।