स्कूलों में बच्चों के एंट्री लेवल दाखिले के लिए अभिभावकों को कई परेशानियां उठानीं पड़ रही हैं। अगर कुछ बातें ध्यान रखें तो भागदौड़ से बच सकते हैं। आधार कार्ड का मामला सुलझने के बाद अब किराए पर रहने वाले अभिभावकों की दिक्कतें शुरू हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार शहर के कॉन्वेंट और कुछ प्राइवेट स्कूलों ने आवेदन फार्म के साथ रेजीडेंस प्रूफ के तौर पर बिजली, पानी, बीएसएनएल लैंडलाइन बिल के साथ रेंट डीड पुलिस से वेरिफिकेशन के साथ देने को कहा है।
अभिभावकों के लिए ये सभी प्रमाण पत्र अपने नाम से हासिल करने में दिक्कतें आ रही हैं। कुछ कॉन्वेंट स्कूलों में शुक्रवार को आवेदन फार्म जमा करने पहुंचे अभिभावकों के आवेदन स्वीकार नहीं किए गए।
मामले को लेकर अभिभावकों में काफी रोष था। कुछ अभिभावकों ने इस मामले में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी शिकायत की है। कॉन्वेंट स्कूलों में सिर्फ चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला नगर निगम के अधीन आने वाले सेक्टर में रहने वाले बच्चों के आवेदन फार्म स्वीकार करने का नोटिस जारी किया है।
दो दिन में 30 से 50 आवेदन फार्म ही आए
शिक्षा विभाग के कॉमन एडमिशन शेड्यूल के तहत प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों को 1 से 12 दिसंबर तक आवेदन फार्म स्वीकार करने होंगे। पहले दो दिन में आवेदन फार्म जमा करने का रिस्पांस काफी फीका रहा है। स्कूलों में 30 से 50 आवेदन फार्म ही जमा हुए हैं।
कॉन्वेंट स्कूलों में भी कम फार्म जमा हुए हैं। भवन विद्यालय में 115, डीपीएस में 40, सेंट कबीर में 30, स्ट्रॉबेरी में 50 फार्म जमा हुए हैं। कॉन्वेंट स्कूलों में भी 30 से 50 के बीच ही आवेदन फार्म जमा हुए हैं। अभिभावक स्कूलों द्वारा मांगे गए प्रमाण पत्रों को इक्कठा करने में लगे हुए हैं।