पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ कैंपस में नए सेशन से नए स्टूडेंट गाड़ी लेकर नहीं आ सकेंगे, जबकि पुराने छात्रों और शिक्षकों पर ऐसा कोई बैन नहीं होगा। हालांकि पुराने छात्रों और शिक्षकों की वही गाड़ी कैंपस में आ पाएगी, जिस पर पीयू प्रबंधन से जारी स्टीकर लगा होगा। इसके अलावा कोई भी बाहरी वाहन कैंपस में नहीं आ पाएगा। पीयू को एकेडमिक एरिया को व्हीकल फ्री करने के लिए यह योजना है, जो एक जून से ट्रायल के तौर पर और नए सेशन से पूरी तरह लागू हो जाएगी। फिलहाल इस योजना को सेक्टर-14 नॉर्थ कैंपस में लागू किया जा रहा है।
सेक्टर-25 साउथ कैंपस में ऐसा नहीं होगा। खास बात है कि पीयू ने नो पार्किंग एरिया बनाए हैं और वहां कोई खड़ा हुआ तो उसे पुलिस की मदद से टो किया जाएगा। यानि कैंपस में पुलिस की एंट्री होगी, जो अभी तक ट्रैफिक सिस्टम को लेकर नहीं है। कैंपस में आने वाले किसी भी बाहरी व्यक्ति को अपनी गाड़ी पीयू के गेट नंबर-1 के पास बनी पार्किंग में लगानी होगी। वहां से ई-रिक्शा लेकर कैंपस में आगे जाना होगा। पीयू का दावा है कि ई-रिक्शा के अलावा शटल बस सर्विस और साइकिल को प्रमोट किया जाएगा ताकि कैंपस व्हीकल फ्री हो सके।
पीयू में किराए पर मिलेगी साइकिल
कैंपस को व्हीकल फ्री बनाने की कवायद में साइकिल को प्रमोट किया जाना है। पीयू प्रबंधन की योजना है कि आउटसोर्स पर साइकिल चलाई जाएगी, जिसका किराया बेहद कम होगा। दो कंपनियों का ऐसा स्टार्टअप है और उन्होंने पीयू से संपर्क भी किया है। पीयू खुद की भी 200 साइकिलें खरीदेगी। इसके लिए साइकिल शेल्टर बनाए जाएंगे। कैंपस में आने वाले एक शेल्टर से साइकिल लेकर अपना काम निपटा सकेंगे और साइकिल को दूसरे शेल्टर तक छोड़ देंगे।
पीयू के इस फैसले में कुछ दिक्कतें
- इतने सुरक्षा कर्मी नही हैं कि वाहनों पर नजर रखी जा सके। हालांकि पीयू प्रबंधन का दावा है कि आउटसोर्स करने की योजना है।
- शटल बस सर्विस चलाने में दावा किया गया कि पीयू के पास पांच बसें हैं जबकि दो बसें खराब हैं। हालांकि पीयू प्रबंधन का कहना है कि बसें आउटसोर्स करने पर विचार किया जा रहा है।
फिलहाल व्हीकल फ्री कैंपस योजना नॉर्थ साइड में होगी और नए स्टूडेंट पर गाड़ी लाने का बैन होगा। अभी पुराने छात्रों और शिक्षकों को स्टीकर से कैंपस में एंट्री मिलती रहेगा। सुरक्षा कर्मी और शटल बस सर्विस के अलावा साइकिल चलाने की योजना पर काम किया जा रहा है।
- जीएस चड्ढा, (रिटा. कर्नल) रजिस्ट्रार पंजाब यूनिवर्सिटी